'रांझणा' का कुंदन तो आपको याद ही होगा। जीहां वही कुंदन जो जोया के प्यार में इतना दीवाना था कि बार बार अपनी हथेली काट लेता था। वही कुंदन जो जोया का नाम जानने के लिए पंद्रह चांटों तक का स्वाद चखा। अब आप सोच रहे होंगे कि आज हम अचानक कुंदन की बात क्यों कर रहे हैं तो आपको बता दें जोया का 'कुंदन' यानि की साउथ सुपरस्टार धनुष का आज जन्मदिन है। धनुष 35 साल के हो गए हैं। धनुष साउथ इंडियन सिनेमा के बड़े सुपरस्टार में से एक हैं। इसके अलावा धनुष की एक और पहचान है वो ये कि वो साउथ सिनेमा के भगवान माने जाने वाले सुपरस्टार एक्टर रजनीकांत के दामाद हैं। आज धनुष के जन्मदिन पर आइए आपको बताते हैं उनके जुड़ी कुछ खास बातें।
धनुष साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर निर्देशक कस्तूरी राजा के बेटे हैं। धनुष का असल नाम वेंकटेश प्रभु कस्तूरी राजा है।
धनुष ने पिता के निर्देशन में बनी फिल्म 'थुल्लुवाधो इलामाई' से एक्टिंग करियर शुरू किया। साल 2003 में आई धनुष की फिल्म 'तिरुदा तिरुदी' ब्लॉकबस्टर हिट रही। इसी फिल्म के बाद से धनुष को साउथ सिनेमा में पहचान मिली।
धनुष का गाया गाना 'वाय दिस कोलावरी डी...' 2011 में रिलीज किया गया था। ये गाना रिलीज होते ही यूट्यूब पर हिट हो गया था। यूट्यूब पर अब तक 25 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है, जो कीर्तिमान है।
धनुष कभी एक्टर नहीं बनना चाहते थे। वो कहते हैं, मेरे पिता कस्तूरी राजा डायरेक्टर थे जब भी कोई एक्टर घर आता था तो मैं खुद को कमरे में बंद कर लेता था। बाद में पिता और भाई के कहने पर मैंने फिल्मों में हाथ आजमाया।