टीवी शो 'गुम है किसी के प्यार में' इन दिनों लगातार चर्चा में है। इस शो में लगातार नए-नए ट्विस्ट आ रहे हैं। सम्राट की मौत के बाद चौहान हाउस में मातम पसरा हुआ है। दूसरी तरफ पाखी सई की जान की दुश्मन बनी बैठी है। वैसे स्रमाट की मौत से सिर्फ चौहान परिवार ही सदमे में नहीं है, बल्कि दर्शकों को भी गहरा दुख पहुंचा है। सम्राट की मौत के ट्रैक से पहले ही दर्शकों ने सोशल मीडिया पर शो के निर्माताओं से गुजारिश की थी कि वह ऐसा ना करें, क्योंकि सम्राट की वजह से सई को खूब सपोर्ट मिलता है। हालांकि, बीते दिनों ही शो में सम्राट की मौत हुई है। इस किरदार को निभाने वाले कलाकार योगेन्द्र विक्रम सिंह को अपने को-स्टार्स की ओर से फेयरवेल पार्टी भी दी गई। अब इस सीरियल के सेट से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर फैंस के मन में नई उम्मीद जागी है।
Ghum Hai Kisikey Pyaar Meiin: शो से नहीं हुई सम्राट की विदाई? वायरल वीडियो में सामने आई सच्चाई
शूटिंग सेट पर नजर आए
दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है। इसमें भारती पाटिल और आयशा सिंह एक इंटेंस सीन की शूटिंग करती हुई नजर आ रही हैं। वीडियो में जैसे ही कैमरा पैन होता है, तब स्क्रीन पर योगेन्द्र नजर आते हैं। योगेन्द्र कैमरे की दूसरी ओर खड़े होकर गौर से देखते नजर आ रहे हैं कि यह सीन ठीक से शूट हुआ या नहीं? इस वीडियो को देखते ही एक पल के लिए आपको लगेगा कि क्या योगेन्द्र विक्रम सिंह अभी भी 'गुम है किसी के प्यार में' का हिस्सा हैं?
विक्रम ने खुद साझा किया है वीडियो
इससे पहले कि आप शो में सम्राट की वापसी का सपना देखने लगें, बता दें कि सामने आया वीडियो दरअसल पुराना है। इस वीडियो को खुद योगेन्द्र विक्रम सिंह ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। इस वीडियो को साझा करते हुए योगेन्द्र विक्रम सिंह ने पुराने दिनों को याद किया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'कभी-कभी आपको किसी पल की अहमियत तब तक पता नहीं चलती है, जब तक कि वह पल याद न बन जाए।' इस वीडियो के साथ विक्रम ने भारती पाटिल और आयशा सिंह को टैग किया है।
A post shared by Yogendra Vikram Singh (@iamyogendravikramsingh)
बच्चे को खो देगी सई
शो 'गुम है किसी के प्यार में' के आगामी ट्रैक में नया ट्विस्ट देखने को मिलेगा। जल्द ही इस सीरियल में सई पर दुखों का पहाड़ टूटने वाला है। सई अपने होने वाले बच्चे को खो देगी। उसका मिसकैरेज हो जाएगा। इसके बाद कहानी में एक और धमाकेदार ट्विस्ट आएगा। दरअसल शो में पाखी बार-बार सई की खुशियों को उससे दूर करने की कोशिश करेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि बच्चे को खोने के बाद सई विराट को भी अपने से दूर होते हुए देखेगी? साथ ही अब तक हर मुसीबत में सई का साथ देने वाली भवानी के व्यवहार में क्या बदलाव आता है?