अक्षय कुमार की फिल्म ‘लक्ष्मी’ को मनमाफिक रिस्पॉन्स न मिलने के बाद अक्षय की आने वाली फिल्मों में जिस फिल्म का संकट सबसे बड़ा हो गया है, वह ‘बेलबॉटम’। ये इकलौती फिल्म है जिसकी शूटिंग लॉकडाउन खत्म होने के बाद स्कॉटलैंड हुई। तमाम दूसरी बड़ी फिल्में देश में ही बन रही हैं, इनमें से तो कुछ ऐसी हैं जिनकी शूटिंग विदेश में ही होनी थी। इस बीच अक्षय कुमार के प्रिय निर्देशक प्रियदर्शन ने देसी लोकेशन्स पर एक बयान देकर हिंदी फिल्म जगत में लोकेशन की राजनीति तेज कर दी है।
प्रियदर्शन ने विदेशी शूटिंग को बताया गैरजरूरी, बिना नाम लिए ‘बेल बॉटम’ की परदेसी शूटिंग पर निशाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लॉकडाउन खत्म होने के बाद फिल्मों का काम शुरू करने की इजाजत जैसे ही सरकार से मिली, वैसे ही सबसे पहले अपनी फिल्म 'बेलबॉटम' के लिए अक्षय कुमार ने ही देश से विदेश के लिए उड़ान भरी। जबकि, इस फिल्म की शूटिंग पहले से मुंबई में ही तय थी। यहीं इसका सेट बनाया जाना था और यहीं पर इसका शुरू होकर समापन भी होना था। लेकिन, जैसे ही अक्षय कुमार को मौका मिला तो वह अपनी फिल्म की पूरी टीम को लेकर स्कॉटलैंड उड़ गए और दो महीने के अंदर शूटिंग खत्म करके वापस भी आ गए। फिल्म का टीजर रिलीज हुआ तो उसमें फिल्म की किसी हीरोइन को न देख सोशल मीडिया पर फिल्म की खिंचाई भी हुई।
अक्षय कुमार की इस फिल्म की शूटिंग के बाद कई नई फिल्मों की शूटिंग शुरू हुई तो कई फिल्म निर्माता और निर्देशकों ने अपनी रुकी हुई फिल्मों को पूरा करने का काम शुरू किया। विद्या बालन ने अपनी फिल्म 'शेरनी' की शूटिंग मध्यप्रदेश के बालाघाट में शुरू की। वहीं प्रियदर्शन भी अपनी फिल्म 'हंगामा 2' की शूटिंग के लिए अपने कलाकारों शिल्पा शेट्टी, मीजान जाफरी, परेश रावल, आदि के साथ हिमाचल प्रदेश चले गए। प्रियदर्शन कहते हैं, ‘मैंने दुनिया के कई खूबसूरत स्थानों पर शूटिंग की लेकिन उन सब में हिमाचल प्रदेश सबसे खूबसूरत है।’
धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले शकुन बत्रा ने भी दीपिका पादुकोण, सिद्धांत चतुर्वेदी और अनन्या पांडे के साथ अपनी फिल्म की शूटिंग गोवा में शुरू की। हालांकि, इस फिल्म की शूटिंग श्रीलंका में होनी थी लेकिन जब उन्हें श्रीलंका जैसा माहौल गोवा में ही मिल गया इसलिए उन्होंने विदेश जाने का विचार त्याग दिया। अब वह अपनी पूरी फिल्म गोवा और मुंबई में ही खत्म कर देंगे। देसी बनाम विदेशी लोकेशंस पर प्रियदर्शन कहते हैं, 'मैंने हिमाचल प्रदेश में कुछ ऐसी खूबसूरत जगहों को देखा है जिनमें शूटिंग करना स्विट्जरलैंड और फ्रांस से भी ज्यादा खूबसूरत अनुभव हो सकता है। उत्तर में खड़ा हिमालय पर्वत पूरी दुनिया में इकलौता है जिसकी बराबरी दुनिया में कोई पर्वत नहीं कर सकता। हमें अपने रीति रिवाज और संस्कृति के मूल्यों को समझना चाहिए और अपनी विरासत पर गर्व करना चाहिए। अब यह कहने का वक्त नहीं है कि पश्चिमी देश सबसे बेहतर हैं।'
गौरतलब है कि सैफ अली खान, अर्जुन कपूर, यामी गौतम और जैकलीन फर्नांडिस भी मुंबई से हिमाचल प्रदेश अपनी फिल्म 'भूत पुलिस' की शूटिंग शुरू करने के लिए उड़ान भर चुके हैं। मिलाप जावेरी अपनी फिल्म 'सत्यमेव जयते 2' की शूटिंग फिल्म के मुख्य अभिनेता जॉन अब्राहम और दिव्या खोसला कुमार के साथ लखनऊ में कर रहे हैं। बुधवार को नुशरत भरुचा ने भी अपनी फिल्म 'छोरी' की शूटिंग मध्यप्रदेश में ही शुरू की है। यहां तक की मिस्टर परफेक्शनिस्ट अभिनेता आमिर खान ने भी अपनी फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' की शूटिंग तुर्की की बजाय भारत में ही पूरी करने का फैसला किया।