बॉलीवुड अभिनेता फरहान अख्तर फरवरी के महीने में शिबानी दांडेकर से शादी करने के बाद अब वक्त मिलते ही वेकेशन पर चले गए हैं। अभिनेता ने इसकी झलक एक वीडियो के जरिए अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है। दोनों मालदीव में क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं और समुद्र के अंदर इश्क फरमाते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं दोनों डांस करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। वहीं, फैंस को उनका यह वीडियो देख 'जिंदगी न मिलेगी दोबारा' की याद आ गई।
Farhan Akhtar-Shibani Dandekar: फरहान-शिबानी ने किया अंडरवाटर किस, तो फैंस को याद आई ‘जिंदगी न मिलेगी दोबारा’
अभिनेता ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें वह अपनी पत्नी शिबानी के साथ समुद्र किनारे नाचते हुए नजर आ रहे हैं और फिर स्कूबा डाइविंग के लिए जाते हैं। पानी के अंदर का नजारा देखने के बाद शिबानी और फरहान कैमरे की तरफ हाथ हिलाते और रिंग फूंकते नजर आ रहे हैं। इसके बाद दोनों एक-दूसरे को गले लगाते हुए और किस करते भी नजर आ रहे हैं। दोनों का यह रोमांटिक अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
फरहान अख्तर के इस वीडियो ने फैंस को उनकी फिल्म 'जिंदगी न मिलेगी दोबारा' की याद दिला दी है। एक फैन ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘ब्रो ZNMD वाइब्स जी रहे हैं’, तो दूसरे ने लिखा, 'OMG पानी के अंदर वो डांस और हग।' वहीं, एक अन्य ने लिखा, 'अब जिंदगी न मिलेगी दोबारा को वापस लाओ।' कुछ ही घंटे में उनके इस वीडियो को खूब लाइक्स और कमेंट मिल गए हैं। कुछ दिनों पहले फरहान ने स्काई डाइविंग करते हुए अपनी फोटो शेयर की थी। उसे देखकर भी फैंस को 'जिंदगी न मिलेगी दोबारा' की याद आ गई थी।
A post shared by Farhan Akhtar (@faroutakhtar)
बता दें कि फरहान अख्तर और शिबानी दांडेकर ने इसी साल 19 फरवरी को शादी की थी। दोनों काफी समय से लिव इन में रह रहे थे। वहीं, फरहान के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह आखिरी बार फिल्म 'तूफान' में नजर आए थे। इसके अलावा वह एमसीयू वेब सीरीज 'मिस मार्वल' का हिस्सा हैं, जो डिज्नी प्लस पर स्ट्रीम कर रही है।