श्रीदेवी के निधन के 12 दिन बाद जाह्नवी कपूर ने फिल्म 'धड़क' की शूटिंग शुरू कर दी है। इस बीच सेट से उनकी कई तस्वीरें सामने आई जिसमें वह ईशान के साथ दिखाई दीं। जाह्नवी की फिल्म के रिलीज से पहले ही कई लोग उनकी तुलना श्रीदेवी से करने लगे। इस पर फेमस कोरियोग्राफर फराह खान जाह्नवी के समर्थन में आईं और अपनी बात रखी।
दरअसल, 'धड़क' फिल्म में मराठी फिल्म 'सैराट' के जिंगाट गाने का हिंदी रिमेक किया गया है। इस गाने को फराह खान कोरियोग्राफ कर रही हैं। इस बीच फराह ने पीटीआई से बात की। फराह ने कहा - 'जाह्नवी बहुत ही अच्छी डांसर है। वह स्टेप को जल्दी सीख जाती हैं लेकिन श्रीदेवी से उनकी तुलना करना गलत होगा। श्रीदेवी एक अनुभवी कलाकार थीं और जाह्नवी की यह पहली फिल्म है।'
फराह ने कहा- 'जब मैंने अपने करियर की शुरुआत की उन्होंने हमेशा मुझे सराहा। मैं उनके सारे शो किया करती थी। हर एक का व्यक्तित्व अलग होता है।' 'धड़क' फिल्म मराठी फिल्म 'सैराट' का ही रीमेक है और इस फिल्म के सुपरहिट गाने 'जिंगाट' को ही फराह दोबारा कोरियोग्राफ कर रही हैं। लगातार सेट से तस्वीरें लीक होने की वजह से करण जौहर ने शूटिंग के वक्त मोबाइल फोन बैन कर दिया है।
आपको बता दें, 'सैराट' ही एक मात्र मराठी फिल्म है जिसने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की थी। इस फिल्म से जाह्नवी बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं जबकि ईशान 'Beyond The Clouds' से डेब्यू कर रहे हैं। ईशान की यह फिल्म 20 अप्रैल को रिलीज होगी। जबकि 'धड़क' जुलाई में रिलीज हो सकती है।