दशहरा यानि बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक माना जाता है। दशहरा के त्योहार पर इस बार सभी में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है, क्योंकि कोरोना काल के बाद ये पहली बार होगा जब बिना किसी पाबंदी के ये त्योहार मनाया जाएगा। लेकिन एक ओर जहां देशभर में आज दशहरे की धूम है तो वहीं आदिपुरुष फिल्म का टीजर काफी विवादों में है। फिल्म के सभी किरदारों पर सवाल उठ रहे हैं। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में रावण का किरदार निभा रहे सैफ अली खान हैं। उनके लुक और अन्य चीजों पर लोग खूब सवाल उठा रहे हैं। हालांकि इससे पहले भी रामायण और अन्य सीरियल में राम, सीता और रावण का किरदार निभाकर कई कलाकार चर्चा में आए हैं। किसी को रामायण के बाद कोई दूसरा सीरियल नहीं मिला तो किसी की किस्मत ही बदल गई। तो चलिए आज दशहरे के मौके पर हम आपको इनके बारे में बताते हैं।
2 of 4
दीपिका चिखलिया
- फोटो : सोशल मीडिया
दीपिका चिखलिया
दीपिका चिखलिया रामानंद सागर की रामायण में सीता का किरदार निभाने के बाद खूब चर्चा में आई थीं। रामायण को पर्दे पर आए 35 साल का समय बीत चुका है, लेकिन आज भी दर्शक जब दीपिका को देखते हैं, तो उनको सीता की ही याद आ जाती है। रामायण के बाद वह इक्का-दुक्का फिल्मों में ही नजर आई थीं, क्योंकि सीता के किरदार के कारण दीपिका को ज्यादा फिल्में नहीं मिलती थीं। हाल ही में दीपिका ने फिल्म गालिब से वापसी की थी। इस फिल्म में वह आतंकी की पत्नी और उसके बेटे की मां के रूप में नजर आई थीं। इस वजह से उनको खूब ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था।
3 of 4
अरुण गोविल
- फोटो : सोशल मीडिया
अरुण गोविल
अरुण गोविल का नाम कौन नहीं जानता, इन्होंने रामायण में राम का किरदार निभाया था। राम बनने के बाद लोग उनको भगवान मानने लगे थे। स्थिति ये थी कि जब रामायण की शूटिंग चल रही थी, उस वक्त एक महिला अपने बेटे को लेकर शूटिंग सेट पर आई और अरुण गोविल को भगवान राम समझकर उनके पैरों में गिर गई और अपने बच्चे को बचाने के लिए कहने लगी। तब अरुण गोविल ने उसको समझाकर बेटे को लेकर अस्पताल भेजा था। हाल ही में अरुण गोविल को एयरपोर्ट पर देखकर एक महिला उनके पैर छूने लगी थी। देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अरुण गोविल खूब चर्चित हुए थे। इसके अलावा अरुण गोविल को भी अपने राम के किरदार की वजह से फिल्में नहीं मिली हैं।
4 of 4
अरविंद त्रिवेदी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
अरविंद त्रिवेदी
अवरिंद त्रिवेदी ने रामायण में रावण की भूमिका निभाई थी। रावण के किरदार में अरविंद को खूब पसंद किया गया था। इनके बाद जिसने भी रावण का किरदार निभाया कोई भी इतना पॉपुलर नहीं हुआ। एक ओर जहां अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया को लोगों ने हकीकत में राम और सीता मां समझकर प्यार दिया था तो दूसरी ओर रियल लाइफ में अरविंद को लोग रावण समझकर नफरत करने लगे थे। ऐसे कुछ किस्सों का जिक्र अरविंद ने भी किया था।