बॉलीवुड में ऐसी कम ही जोड़ियां हैं जिनकी ऑनस्क्रीन केमेस्ट्री और ऑफस्क्रीन केमेस्ट्री दोनों ही बेहद शानदार हो। इस मामले में दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह का नाम सबसे पहले सामने आता है क्योंकि फैंस दोनों को पर्दे पर देखना तो पसंद करते हैं ही साथ ही पर्दे की पीछे भी उनकी जोड़ी को खूब प्यार मिलता है। रणवीर और दीपिका सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं। दोनों अक्सर एक-दूसरे से जुड़े फनी किस्से भी शेयर करते रहते हैं।
जब डांस के दौरान फट गई रणवीर सिंह की पैंट, दीपिका पादुकोण ने ऐसे बचाई थी इज्जत
इन दिनों दीपिका का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसमें वो एक पार्टी के दौरान रणवीर की पैंट फटने का किस्सा सुनाती हुई नजर आ रही है। उन्होंने ये किस्सा 'द कपिल शर्मा शो' पर साझा किया था। इस दौरान उन्होंने बताया कि एक म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान रणवीर सिंह ऊप्स मूमेंट का शिकार हो गए थे। उस वक्त दीपिका ने उनकी मदद की थी।
दीपिका ने बताया, 'रणवीर कुछ लूज सा एक पैंट पहने हुए था और वो कुछ अजीब का डांस स्टेप कर रहा था। बीट में वो फरररररर करके फट गया पैंट। तो मैंने कहा रुको, मैंने अपने बैग से सुई धागा निकाला। सब लोग डांस कर रहे हैं और पार्टी के बीच में मैं उसका पैंट सिल रही थी।' इसके बाद दीपिका ने उस वाकये की तस्वीर भी दिखाई। जिसमें वो वाकई रणवीर की पैंट सिलती दिखाई दे रही हैं।
दीपिका के इस किस्से को सुनने के बाद सभी लोग ठहाके मारकर हंसते नजर आए। वहीं, कपिल शर्मा कहते हैं, 'वाकई लकी हसबैंड हैं रणवीर सिंह'। मालूम हो कि दोनों ने 2018 में एक प्राइवेट सेरेमनी के दौरान इटली में शादी की थी। उससे पहले रणवीर-दीपिका ने छह सालों तक एक-दूसरे को डेट भी किया था।
दीपिका के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द डायरेक्टर कबीर खान की फिल्म '83' में रणवीर सिंह के साथ फिर से स्क्रीन साझा करने वाली है। फिल्म में रणवीर कपिल देव के रोल में और दीपिका कपिल देव की पत्नी के रोल में दिखाई देंगी। बता दें कि शादी के ये दोनों की साथ में पहली फिल्म होगी।