लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर हो चुके बॉलीवुड के सुपरस्टार धर्मेन्द्र ने अपने पोते को सरप्राइज दिया है। पता हो कि धर्मेन्द्र के पोते करण देओल जल्द ही फिल्म 'पल पल दिल के पास' से बॉलीवुड मेें डेब्यू करने वाले हैं। इस फिल्म का निर्देशन सनी देओल कर रहे हैं। फिल्म 'पल पल दिल के पास' की शूटिंग इन दिनों एनसीआर में चल रही है।
'पल पल दिल के पास' के सेट पर उस समय माहौल एकदम से बदल गया जब धर्मेन्द्र किसी को बताए बिना फिल्म के सेट पर पहुंच गए। मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो इन दिनों इस फिल्म की शूटिंग नोएडा के बुद्ध रेसिंग सर्कल हो रही है। इस दौरान धर्मेन्द्र ने शूटिंग लोकेशन पर पहुंचकर बेटे सनी देओल और पोते करण को हैरान कर दिया।
बेटे और पोते को दिए सरप्राइज पर धर्मेन्द्र ने मीडिया से बात भी की। उन्होंने कहा- मैं किसी काम के सिलसिले में दिल्ली आया हुआ था। यहां आकर मुझे पता चला कि करण की फिल्म की शूटिंग यहां एनसीआर में चल रही है। मैं किसी को परेशान भी नहीं करना चाहता था, इसलिए मैंने किसी को बताए बिना यहां आ गया और सभी को सरप्राइज दे दिया।
मीडिया से आगे बात करते हुए धर्मेन्द्र ने कहा- 'शूटिंग लोकेशन पर मौजूद किसी को भी इस बात की खबर नहीं थी कि मैं आ रहा हूं। इसलिए हर कोई मुझे देखकर हैरान हो गया और सनी मुझे देखकर भावुक हो गए।' धर्मेन्द्र ने यह भी बताया कि वह पोते करण की पहली फिल्म की तरह बेटे सनी देेओल की फिल्म 'बेताब' की शूटिंग पर भी इसी तरह बिना बताए पहुंचे थे। तब भी सनी देओल धर्मेन्द्र को देखकर भावुक हो गए थे। आपको बता दें करण देओल की यह फिल्म जल्द ही रिलीज होने वाली है। यह एक्शन ड्रामा से भरपूर फिल्म होगी।