अभिनेत्री कंगना रणौत और ऋचा चड्ढा की कैट फाइट से सभी वाकिफ हैं। कुछ साल पहले दोनों अभिनेत्रियों ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे पर खूब आरोप लगाए थे। एक बार फिर ऋचा चड्ढा, कंगना से 'पंगा' लेती नजर आ रही हैं। दरअसल, कंगना इन दिनों अपनी फिल्म 'धाकड़' को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म बॉक्स-ऑफिस पर पिट गई है। ऐसे में कुछ लोग उनकी फिल्म की असफलता का जश्न मना रहे हैं। शो 'बिगबॉस' में प्रतिभागी रहे तहसीन पूनावाला ने जब ऐसे लोगों की क्लास लगाई तो ऋचा चड्ढा तहसीन पर भड़क उठीं और कंगना रनौत की खामियां गिनाने लगीं। ऋचा ने तहसीन पूनावला को जवाब देते हुए कुछ ट्वीट्स किए हैं।
Dhaakad Box Office: ऋचा चड्ढा ने फिर लिया कंगना से पंगा? 'धाकड़' की असफलता पर कह डाली यह बात
इस तरह शुरू हुआ मामला
फिल्म से हटकर बात की जाए तो कंगना रणौत राजनीतिक और सामाजिक रूप से काफी मुखर हैं और अपने विचार रखती नजर आती हैं। ऐसे में जो लोग उनकी विचारधारा को पसंद नहीं करते वह उनकी फिल्म की असफलता पर जश्न मना रहे हैं। पूनावाला ने कंगना की 'धाकड़' की असफलता का जश्न मना रहे ऐसे लोगों की आलोचना की। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'फिल्म 'धाकड़' की असफलता के लिए कंगना को ट्रोल करना बेहद गलत है! हम कंगना से सहमत और असहमत हो सकते हैं। लेकिन इस बात को नकार नहीं सकते कि कंगना आज की तारीख में सिनेमा में बेस्टर एक्टर्स में से एक हैं। सबसे बड़ी बात वह रिस्क लेने में हमेशा आगे रहती हैं। मोर पावर टू यू कंगना'। इस पर एक यूजर ने कहा, 'यह हास्यास्पद है। दर्शकों ने एक खराब फिल्म नकार दी है, जिसके शो जीरो चल रहे हैं। सच्चाई बताना ट्रोलिंग है? सच में?' इस पर तहसीन ने कहा, 'नहीं! असफल फिल्म का जश्न मनाना अच्छा नहीं है।'
ऋचा चड्ढा बीच में कूद पड़ीं
तहसीन पूनावाला और यूजर की बातचीत में ऋचा चड्ढा भी बीच में कूद गईं और उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'सत्ता के साथ तालमेल बिठाना आसान है। इसमें टैक्स छूट, अवॉर्ड्स, खास दर्जा, सुरक्षा जैसे फायदे हैं। तो क्या तहसीन आप नहीं जानते कि इसका उल्टा भी सच होता है? लोग अपने तरीके से अपना विरोध जता रहे हैं। शांत रहें।' ऋचा की इस बात पर तहसीन ने लिखा, 'मैं शांत हूं। कंगना के इनवाइट करने के बाद भी मैंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है। लेकिन, मैं फिल्म के बिजनेस के साथ खड़ा हूं। किसी भी फिल्म की असफलता पर खुश नहीं होना चाहिए, क्योंकि यह इंडस्ट्री को नुकसान पहुंचाती है। अगर सरकार गलत करती है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि हमें भी वही करना चाहिए'।
ऋचा ने याद दिलाईं कंगना की पुरानी बातें
इसके बाद ऋचा ने कहा, 'पिछले कुछ साल में ड्रग्स मामले के विवाद को लेकर बॉलीवुड की आलोचना करने वालों में कंगना सबसे आगे रही हैं। यहां तक कि कंगना ने इंडस्ट्री को 'गटर' तक कह दिया था। उन्होंने बहुत ही व्यवस्थित तरीके से एक कहानी बुनी कि मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री सभी खामियों का अड्डा है। यहां के लोग हत्यारे हैं, वगैरह। इस फेक नैरेटिव में कई लोगों ने हिस्सा लिया। अब कुछ लोग अन्य लोगों की असफलता का जश्न मना रहे हैं।' हालांकि ऋचा ने यह भी लिखा, 'फिल्म की असफलता का जश्न नहीं मनाना चाहिए। नैतिक रूप से यह गलत है। इसलिए भी क्योंकि एक फिल्म में हजारों लोग काम करते हैं। ऐसा होता है।'
सबसे पीछे चल रही कंगना की फिल्म
बता दें कि कंगना की फिल्म बॉक्स-ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप है। बीते शुक्रवार को रिलीज हुई कंगना की फिल्म 'धाकड़' का हाल इसके रिलीज के दिन से बेहाल है। सोमवार को बॉक्स-ऑफिस कलेक्शन में 'धाकड़' सबसे आखिरी पायदान पर रही। फिल्म सोमवार को पूरी तरह से मैदान छोड़ने की तैयारी करती दिखी। इस दिन इसका कलेक्शन कुल 30 लाख रुपये रहा। फिल्म ने अब तक बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 3.53 करोड़ रुपये कमाए हैं।