बॉलीवुड में 'जानी' के नाम से मशहूर अभिनेता राजकुमार की आज पुण्यतिथि है। 1996 में आज ही के दिन उनका कैंसर के चलते निधन हो गया था। 'रंगीली' फिल्म से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाले राजकुमार अपनी बेहतरीन एक्टिंग, आवाज और बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते थे। वह पर्दे पर जितने बेबाक थे, उतने ही असल जिंदगी में मुंहफट भी थे। ऐसे में उन्हें इंडस्ट्री में कम ही लोग पसंद करते थे। तो चलिए आज इस दिग्गज अभिनेता की पुण्यतिथि पर आपको उनके जीवन से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें बताते हैं।
2 of 4
राज कुमार
- फोटो : सोशल मीडिया
ऐसे शुरू हुआ फिल्मी सफर
राजकुमार का जन्म 8 अक्तूबर 1926 को बलूचिस्तान में हुआ था। उस वक्त उनका नाम कुलभूषण पंडित था, जिसे उन्होंने बाद में बदलकर राजकुमार कर लिया। 1947 में देश का बंटवारा हुआ था, तो उनका पूरा परिवार भारत आकर मुंबई में बस गया था। मुंबई में आकर वह पुलिस की नौकरी करने लगे, जो उन्हें काफी पसंद थी। जिस थाने में वह थे वहां अक्सर फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों का आना-जाना लगा रहता था। एक बार फिल्म निर्माता बलदेव दुबे उनसे मिले और उन्हें राजकुमार का बात करने का तरीका काफी पसंद आया। बलदेव दुबे ने राजकुमार को अपनी फिल्म का ऑफर दिया, तो उन्होंने तुरंत नौकरी से इस्तीफा दे दिया।
3 of 4
राजकुमार
- फोटो : सोशल मीडिया
डायलॉग से मिली ज्यादा पहचान
राजकुमार का बोलने का अंदाज सभी को काफी पसंद था। ऐसे में उनकी फिल्मों में कई डायलॉग ऐसे हैं, जिन्हें आज भी लोग पसंद करते हैं। साल 1965 में आई फिल्म 'वक्त' का डायलॉग जिसमें उन्होंने कहा था, 'चिनॉय सेठ, जिनके अपने घर शीशे के हों वो दूसरों पर पत्थर नहीं फेंका करते', को लोग आज भी उतना ही पसंद करते हैं। राजकुमार को अपनी करियर में असल पहचान 'मदर इंडिया' फिल्म से मिली थी, जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
4 of 4
राजकुमार
- फोटो : सोशल मीडिया
कैंसर से हुई थी मौत
राजकुमार को गले का कैंसर हो गया था, जिस वजह से अपनी आवाज के लिए जाने जाने वाले अभिनेता की आवाज ही चली गई थी। उनकी इच्छा थी कि उनकी अंतिम यात्रा में बस उनके घर के लोग शामिल हों और हुआ भी ऐसा ही। जब उनका निधन हुआ, तो उनके अंतिम संस्कार के बाद ही मीडिया और फैंस को इस बात की सूचना दी गई थी।