बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिली थीं उस वक्त वह अपनी ड्रेस को लेकर सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल हुईं थीं। अब एक बार फिर प्रियंका चोपड़ा अपनी ड्रेस को लेकर विवादों में आ गईं हैं।
दरअसल, प्रियंका चोपड़ा असम टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (ATDC) की ब्रांड एम्बेसडर हैं। टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए एक कैलेंडर लॉन्च किया गया था। जिसमें प्रियंका चोपड़ा की फोटो है। बस फिर क्या था इसी फोटो को लेकर विवाद बढ़ गया।

असम में कांग्रेस ने प्रियंका के कपड़ों पर एतराज जताया और उसे संस्कृति के खिलाफ बताया है। कांग्रेस ने कहा, छोटे कपड़े हमारी सभ्यता को नहीं दर्शाते। यही नहीं उन्होंने तो यहां तक कहा कि प्रियंका चोपड़ा को एम्बेसडर पद से हटा देना चाहिए। इस मामले पर बोको एमएलए नंदिता दास और एमएलए रूपज्योति ने प्रियंका को हटाए जाने की मांग की है। बता दें कि, असम में बीजेपी की सरकार है।
कैलेंडर में प्रियंका ने पीले कलर की डीप नेक फ्रॉक पहनी है। कांग्रेस विधायकों ने कहा, प्रियंका ने कैलेंडर में फ्रॉक पहनी है। यह असम का कल्चर नहीं है। राज्य में टैलेंटेड लोगों की भरमार है ऐसे में प्रियंका को यह पद देने की जरूरत नहीं है।
इससे पहले प्रियंका चोपड़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जर्मनी दौरे के दौरान मिली थीं। उस वक्त भी सोशल मीडिया में वह अपने कपड़ों को लेकर ट्रोल हुई थीं। प्रियंका ने पीएम मोदी से मिलने के दौरान नी लेंथ ड्रेस पहनी थी।