दिल्ली में अपनी अगली फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ की शूटिंग कर रहे करण जौहर ने आखिरकार अपनी उस फिल्म की रिलीज के लिए अपने दफ्तर को रिवर्स प्लानिंग करने का इशारा दे दिया है, जिसे हिंदी फिल्म में पंचवर्षीय योजना का नाम मिल चुका है। बतौर निर्माता करण जौहर की इस फिल्म का नाम है ‘ब्रह्मास्त्र’। इस फिल्म की रिलीज डेट पर करण जौहर की कंपनी ने इसे वितरित करने वाली कंपनी फॉक्स स्टार स्टूडियोज से बातचीत शुरू कर दी है। इस बीच अभिनेत्री कटरीना कैफ के सामने एक नई मुसीबत आ गई है। उनकी और विक्की कौशल की शादी की योजनाबद्ध तरीके से लीक की जा रही खबरों से बने माहौल के बीच उनकी अगली फिल्म की रिलीज डेट शनिवार को ही तय हुई थी लेकिन इसी तारीख को रणवीर सिंह की अगली फिल्म की रिलीज भी उनके निर्देशक रोहित शेट्टी ने फाइनल कर दी है।
2 of 6
फोन भूत
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म ‘सूर्यवंशी’ में निर्देशक रोहित शेट्टी के साथ काम कर चुकीं अभिनेत्री कटरीना कैफ को पूरे रविवार ये समझ नहीं आया कि वह अपने निर्देशक को फोन करके फिल्म ‘सूर्यवंशी’ के दो सौ करोड़ रुपये के इंडियन बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के करीब पहुंचने की बधाई दें या शिकायत करें अपनी नई फिल्म की रिलीज डेट पर रोहित की फिल्म के भी आ जाने की। दो दिन पहले ही एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अपनी फिल्म 'फोन भूत' को 15 जुलाई, 2022 को रिलीज करने का एलान किया था।
3 of 6
फिल्म सर्कस
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
कटरीना कैफ, सिद्धांत चतुर्वेदी और ईशान खट्टर अभिनीत फिल्म 'फोन भूत' की शूटिंग पिछले साल हुई थी। गुरमीत सिंह निर्देशित फिल्म 'फोन भूत' में कटरीना कैफ के साथ ईशान खट्टर और सिद्धांत चतुर्वेदी भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म की रिलीज डेट 15 जुलाई 2022 के साथ ही रिलीज होने जा रही है हिंदी सिनेमा के हीरो नंबर वन रणवीर सिंह की फिल्म ‘सर्कस’। लोकप्रिय कॉमेडी फिल्म ‘अंगूर’ का रीमेक बताई जा रही इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ पूजा हेगड़े और वरुण शर्मा भी अहम किरदारों में हैं।
4 of 6
मौनी रॉय
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
लेकिन, हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में इतवार का दिन अगर किसी फिल्म की रिलीज डेट की चर्चा के नाम रहा तो वह है निर्देशक अयान मुखर्जी की पांच साल से बन रही फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’। अभिनेत्री मौनी रॉय कभी इस फिल्म में अपने खलनायिका वाले किरदार को लेकर खूब इतराया करती थीं, उन्हें लगता था कि ये फिल्म रिलीज होते ही उनके पास फिल्मों की लाइन लग जाएगी। लेकिन मौनी रॉय आइटम नंबर गर्ल के तमगे से आगे न बढ़ सकीं। मौनी रॉय भी इस फिल्म की रिलीज की राह तकते तकते थक चुकी हैं और अब अपना घर बसाने का फैसला कर चुकी हैं।
5 of 6
ब्रह्मास्त्र
- फोटो : अमर उजाला
धर्मा प्रोडक्शन के सूत्र बताते हैं कि फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ की रिलीज अगले साल गणेश उत्सव के आखिरी दिन के आसपास रखने की तैयारी चल रही है। अगर तब तक फिल्म के पूरा हो जाने को हरी झंडी मिलती है तो ये फिल्म 9 सितंबर 2022 को रिलीज हो सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि इस तारीख पर फिल्म को रिलीज करने वाली कंपनी फॉक्स स्टार स्टूडियोज की भी सहमति मिल चुकी है। हालांकि इसकी आधिकारिक रिलीज डेट घोषित होनी अब भी बाकी है।