तमाम अटकलों के बीच बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान ने अपनी दुर्लभ बीमारी का खुलासा कर दिया है। वह न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर से पीड़ित हैं। यह कैंसर का एक प्रकार है, जो शरीर के विभिन्न हिस्सों को प्रभावित करता है। इरफान ने खुद इसकी जानकारी दी है। वह फिलहाल इलाज के लिए विदेश चले गए हैं।
51 वर्षीय अभिनेता ने कहा कि उन्हें इस बीमारी से लड़ने में दिक्कत हो रही थी लेकिन उनके आसपास के लोगों ने उन्हें इससे लड़ने का हौसला दिया है। उन्होंने मीडिया को जारी अपने बयान की शुरुआत लेखिका मार्गेट मिशेल के ‘गॉन विद द विंड’ के कोट से की है। ‘जरूरी नहीं कि जिंदगी हमें वही दे, जो हम चाहते हैं या जिसकी उम्मीद करते हैं।’ वह आगे लिखते हैं, ‘अप्रत्याशित चीजों के साथ हम आगे बढ़ते हैं।
मेरे साथ पिछले कुछ दिन इसी तरह गुजरे हैं। अब पता चला है कि मुझे न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर है। इससे गुजरना काफी मुश्किल था। लेकिन आसपास के लोगों का प्यार और भरोसा मेरे साथ है। अब यह मेरे अंदर भी जगा है और मुझे ‘उम्मीद की दुनिया’ में ले आया है। मैं देश से बाहर चला आया हूं। मैं सबसे निवेदन करता हूं कि मुझे अपनी दुआएं भेजते रहिये।’
‘पान सिंह तोमर’ के इस अभिनेता ने उनकी बीमारी को लेकर चल रही अफवाहों पर कहा, न्यूरो का हमेशा मतलब ब्रेन से नहीं होता। इसका पता लगाने के लिए गूगल करना सबसे आसान तरीका है।
उन लोगों का शुक्रिया जिन्होंने मेरी बीमारी के बारे में जानने के लिए मेरा इंतजार किया। उम्मीद करता हूं, लौटने पर बताने के लिए कई कहानियां होंगी। न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर को न्यूरोएंडोक्राइन कार्सिनोमा कहा जाता है। यह शरीर में फेफड़े और आंत समेत कई जगह हो सकती है।