बॉलीवुड के कॉमेडी किंग कहे जाने वाले राजपाल यादव आज 46 साल के हो गए हैं। राजपाल यादव का जन्म उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में 16 मार्च 1971 को हुआ था। बॉलीवुड में कुछ ही अभिनेता हैं जो अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर हैं। उन्हीं कलाकारों में से एक हैं राजपाल यादव।
बॉलीवुड में सफलता की ऊंचाईयां छूने के बावजूद राजपाल यादव अचानक परदे से गायब हो गए थे। उन्होंने 2 साल तक कोई काम नहीं किया। जिस पर खुद राजपाल यादव ने कहा था कि फिल्म 'जुड़वा 2' मेरी सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में से हैं क्योंकि मैं पिछले दो सालों से कोई काम नहीं कर रहा था। लोग मुझसे मेरी आगामी परियोजनाओं के बारे में पूछते थे लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया जिससे मैं खुश हूं।'
करियर के शुरुआती दिनों में राजपाल यादव ने कुछ फिल्मों में निगेटिव किरदार किए। फिल्म 'प्यार तूने क्या किया' में उन्होंने पहली बार कॉमेडी रोल किया। जिसके बाद वह हिंदी फिल्मों के मुख्य हास्य कलाकार बन गए। उनकी मुख्य फिल्मों में हंगामा, वक्तः द रेस अगेंस्ट टाइम, चुप चुप के, गरम मसाला, फिर हेराफेरी, ढोल रही हैं।
राजपाल ने अपनी अभिनय प्रतिभा का लोहा कई बार मनवाया है और यही वजह है कि उन्हें हॉलीवुड में बड़े सितारों के साथ फिल्में करने का मौका भी मिला है। राजपाल यादव जल्द ही फिल्म 'बेअरफुट वॉरियर' में नजर आएंगे। साथ ही वह दक्षिण भारतीय भाषाओं की फिल्मों में भी काम करने को लेकर उत्साहित हैं।
आपको जानकर हैरानी होगी कि राजपाल यादव को 2013 में दिल्ली हाईकोर्ट ने झूठा हलफनामा देने के लिए 10 दिन की सजा सुनाई थी। जिसके बाद वह जेल में भी रहे। दरअसल इसकी शुरुआत तब हुई जब दिल्ली के कारोबारी एमजी अग्रवाल ने 5 करोड़ रुपए के लोन चुकाने में नाकाम रहने पर राजपाल यादव और उनकी पत्नी के खिलाफ वसूलीवाद दायर किया था। यादव ने 2010 में निर्देशक के रूप में पहली फिल्म बनाने के लिए लोन लिया था। यादव पर आरोप है कि उस मामले में अदालत को गुमराह करने के लिए उन्होंने झूठा हलफनामा दायर किया था।