अभय देओल बॉलीवुड में एक ऐसे अभिनेता के तौर पर जाने जाते हैं जिन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। 15 मार्च 1976 को जन्मे अभय आज 41 साल के हो गए हैं। अभय निर्माता-निर्देशक अजीत सिंह देओल के बेटे हैं। उनके चाचा प्रसिद्ध एक्टर धर्मेंद्र हैं। अभय देओल ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 2005 में इम्तियाज अली की फिल्म 'सोचा ना था' से की। फिल्म टिकट खिड़की पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई लेकिन दर्शकों ने अभय देओल और उनकी अपोजिट रहीं आयशा टाकिया को जरूर नोटिस किया।
B'day Spl: इस एक्टर ने सोशल मीडिया पर शाहरुख और दीपिका को लिया था आड़े हाथों, लोगों ने की थी तारीफ
साल 2007 में अभय देओल की फिल्म 'हनीमून ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड' प्रदर्शित हुई। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औसत रही। 2009 में अनुराग कश्यप की 'देव डी' में अभय देओल के काम को काफी सराहा गया और फिल्म को क्रिटिक्स के साथ-साथ दर्शकों ने भी पसंद किया। 2011 में प्रदर्शित जोया अख्तर की फिल्म 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' अभय देओल के करियर के लिए सुपरहिट फिल्म साबित हुई। इस फिल्म में अपने दमदर अभिनय के लिए अभय देओल सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार से नामांकित किए गए। फिल्मों के साथ-साथ अभय देओल सोशल मुद्दे पर भी खुलकर बोलते रहे हैं। ऐसे ही एक बार उन्होंने बॉलीवुड के कई बड़े स्टार्स को घेर लिया।
दरअसल, अभय देओल ने फेसबुक पोस्ट के जरिए गोरेपन की क्रीम का प्रचार करने वाले बॉलीवुड एक्टर्स पर हमला किया। अभय देओल के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी काफी तारीफ की और 'हिम्मतवाला अभिनेता' करार दिया। अभय ने अपनी पोस्ट में लिखा था, 'देश में कंपनियां खुलेआम और चालाकी से इस आइडिया को बेच रही हैं कि गोरी चमड़ी काली चमड़ी से अच्छी होती है। इस खेल में आपको कोई बताने वाला नहीं है कि यह अपमानजनक, फर्जी और नस्ली है।'

अभय देओल ने आगे लिखा, 'इसे आपको खुद से ही देखना होगा। आपको इस आइडिया को खरीदना बंद करना होगा, जिसमें बताया जाता है कि कोई खास रंग दूसरे रंगों से अच्छा है। दुर्भाग्य से जब आप मैट्रिमोनियल विज्ञापनों को देखेंगे तो वहां भी यह थोपी हुई प्रवृत्ति साफ दिखती है। यहां तक कि हम किसी के चमड़ी के रंग को बताने के लिए 'डस्क' शब्द का इस्तेमाल करते हैं। एक व्यक्ति इस प्रवृत्ति को समुदाय में नहीं बदल सकता लेकिन कम से कम परिवार में बदलने की कोशिश करें।'

अभय यहीं नहीं रुके, उन्होंने शाहरुख खान को घेरते हुए लिखा, 'और किंग खान खुद ही आपसे पूछ रहे हैं- मर्द होके लड़कियों वाली फेयरनेस क्रीम क्यों? इसमें आपको वह एक मर्द बनाने की कोशिश कर रहे हैं। गोरा बनना तो साइड इफेक्ट है। उन्होंने दीपिका पादुकोण द्वारा किए जाने वाले एक फेयरनेस क्रीम के प्रचार को लेकर अपनी पोस्ट में लिखा, 'टू इन वन फेयरनेस क्रीम। अगर आप दीपिका पादुकोण को ध्यान से देखेंगे तो उनकी आंखें, वास्तविक आंखों से ज्यादा चमकीली दिख रही हैं।' फिलहाल इस वक्त अभय देओल के पास कुल 7 फिल्में हैं। उन्होंने हाल ही में दो फिल्में साइन की हैं जबकि 5 अन्य फिल्मों में से ज्यादातर पोस्ट प्रोडक्शन की प्रक्रिया में हैं।