बॉलीवुड की 'चांदनी' श्रीदेवी अपने अंतिम सफर पर हैं। उनके निधन के बाद से बॉलीवुड में शोक की लहर है। ऐसे में उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने पूरा बॉलीवुड उमड़ पड़ा है। बॉलीवुड के दिग्गज म्यूजिक डायरेक्टर बप्पी लहरी ने भी अपने दिल की बात कही है।
25 फिल्मों में श्रीदेवी के साथ काम करने वाले बप्पी लहरी ने एक मीडिया संस्थान से बात करते हुए कहा है कि यह उनके लिए बहुत बड़ी क्षति है। बप्पी लहरी ने कहा कि उनके पास शब्द ही नहीं हैं कि वे श्रीदेवी के जाने के बाद कुछ कह पाएं। बप्पी लहरी ने कहा कि श्रीदेवी का जाना बॉलीवुड के लिए बड़ी क्षति है और उनकी संवेदनाएं पूरी कपूर परिवार के साथ हैं।
श्रीदेवी को याद करते हुए बप्पी दा ने कहा, '25 फिल्मों में मैंने श्रीदेवी के साथ काम किया। उनका स्टाइल ऑडियंस को एकदम पकड़ लेता था। श्री की क्या अदाएं थीं, क्या डांस था।जैसा वेस्टर्न, वैसा क्लासिकल। मैं इंडस्ट्री में 48 साल से काम कर रहा हूं, मैंने ऐसा कहीं नहीं देखा।'
बप्पी ने श्रीदेवी को एक याद करते हुए एक गाना भी समर्पित किया। बप्पी लहरी ने 'चलते-चलते मेरे ये गीत याद रखना, कभी अलविदा न कहना' गीत से श्रीदेवी को श्रद्धांजलि दी।