बॉलीवुड के मशहूर और बेहतरीन गायक अरिजीत सिंह आज 25 अप्रैल को अपना 32वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। उनका जन्म 1987 को पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद के जियागंज में हुआ था। उनके पिता पंजाबी और मां बंगाली हैं। साल 2005 से वह गायकी की दुनिया में कदम रख चुके थे। अरिजीत अपनी आवाज के साथ-साथ गिटार, पियानो और तबला भी बजाना जानते हैं। फिलहाल वह म्यूजिक डायरेक्टर, स्कोर कम्पोजर, म्यूजिक प्रोड्यूसर भी हैं। हिंदी के अलावा उन्होंने कई क्षेत्रिय भाषाओं में भी गीत गाए हैं।
साल 2005 में उन्होंने सिंगिग रियलिटी शो फेम गुरूकुल में हिस्सा लिया था। अरिजीत को मौका देने वाले निर्देशक संजय लीला भंसाली और फिल्म निर्माता रमेश कुमार तौरानी हैं। संजय ने उनकी आवाज को परख फिल्म सांवरिया में सॉन्ग यूं शबनमी गवाया था। साल 2013 में मिर्ची म्यूजिक अवॉर्ड अपने नाम करने वाले अरिजीत 'फिर ले आया दिल' (बर्फी) और 'दुआ' (शंघाई) जैसे गानों के लिए भी अवॉर्ड जीत चुके हैं।
यहां से चमकी थी किस्मत
साल 2013 में आई सुपरहिट फिल्म 'आशिकी 2' में अरिजीत को ब्लॉकबस्टर सॉन्ग 'तुम ही हो' और 'चाहू मैं या ना' ने रातोंरात सुपरस्टार बना दिया था। हालांकि इससे पहले वह फिल्म 'मर्डर 2' में सॉन्ग 'फिर मोहब्बत करने चला है दिल' भी गा चुके थे।
अरिजीत ने सिंगिंग रियलिटी शो '10 के 10 ले गए दिल' का खिताब अपने नाम किया और मुंबई के लिए रवाना हो गए। यहां वह कुछ समय तक बतौर फ्रीलांसर लोखंडवाला में एक किराए के मकान में रहे। शो में मिली ईनामी 10 लाख रुपये की रकम उन्होंने यहां विज्ञापनों में म्यूजिक कंपोज करने में खर्च कर दी थी। इस दौरान उन्होंने न्यूज चैनल और रेडियो के लिए भी जिंगल गाए।
अरिजीत ने अपनी गायकी को शंकर एहसान लॉय, विशाल-शेखर, मिथुन, मोंटी शर्मा और प्रीतम जैसे म्यूजिक कंपोजर की छत्रछाया में रहकर निखारा। इस दौरान अरिजीत वोकल और कोरस पर ही ध्यान दिया करते थे। प्रीतम के साथ काम करने के दौरान वह खुद ही म्यूजिक कम्पोज करने लगे। फिल्म 'आशिकी 2' और उसके सॉन्ग हिट होने के बाद अरिजीत के पास काम की कमी नहीं रही।