निर्देशक अनुराग कश्यप पर कुछ दिन पहले ही अभिनेत्री पायल घोष ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इस मामले में पायल चाहती थीं कि जल्द से जल्द अनुराग की गिरफ्तारी भी हो जाए। जिसके चलते उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की थी। जिसके बाद अब अनुराग कश्यप की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। अब अनुराग कश्यप को इस मामले में मुंबई पुलिस ने तलब किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि अनुराग को बृहस्पतिवार को पूछताछ के लिए वर्सोवा पुलिस स्टेशन बुलाया गया है। अनुराग को 11 बजे पुलिस के सामने उपस्थित होना पड़ेगा। 22 सितंबर को अभिनेत्री ने फिल्म निर्माता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया था कि अनुराग ने सात साल पहले 2013 में उसके साथ दुष्कर्म किया था। शिकायत दर्ज होने के बाद भी अनुराग के खिलाफ कार्रवाई न होने पर अभिनेत्री ने भूख हड़ताल की चेतावनी दी थी।
इसके बाद मंगलवार को उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की थी। उन्होंने राज्यपाल से अनुराग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले भी मौजूद थे। वहीं अब पायल की शिकायत पर अनुराग कश्यप के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
बॉलीवुड अभिनेत्री पायल घोष ने 19 सितंबर को ट्वीट कर अनुराग कश्यप पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। उन्होंने पीएम मोदी से न्याय की गुहार लगाई थी। पायल घोष ने कहा था कि 'पहले मैं अपने मैनेजर के साथ उनसे (अनुराग कश्यप) मिली। फिर उसके बाद मैं उनके घर जाकर मिली। उन्होंने मुझसे बहुत अच्छे से मुलाकात की थी। उनका व्यवहार देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा था लेकिन जब दूसरे दिन उन्होंने अपने घर बुलाया तो कुछ चीजें ठीक नहीं हुईं मेरे साथ। इसी बारे में मैंने बात की।'