फिल्मों में अभिनेताओं को अलग अलग किरदार निभाने पड़ते हैं। ऐसे में कई अभिनेता पर्दे पर महिला का भी रूप ले चुके हैं, यानी किरदार की मांग पर अभिनेता फीमेल गेटअप में भी नजर आए हैं। इनमें से कुछ सितारों को जहां दर्शकों ने काफी पसंद किया तो वहीं कुछ अभिनेता महिला बनकर दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब नहीं रहे। इस रिपोर्ट में आपको बताते हैं कि कौन से हैं वो सितारे जो अपनी फिल्मों में महिला बने नजर आए....
कोई बना 'चाची' तो किसी ने 'आंटी नंबर 1' बन जीता दर्शकों का दिल, लेकिन अमिताभ की हुई थी खूब आलोचना
अमिताभ बच्चन-लावारिस
अमिताभ बच्चन की फिल्म लावारिस आज ही के दिन 39 साल पहले रिलीज हुई थी। इस फिल्म में एक गाना था, 'मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है...' इस गाने में अमिताभ महिलाओं के कपड़े पहन डांस करते नजर आए थे। हालांकि उस वक्त उन्हें इसके लिए आलोचना झेलनी पड़ी थी। इतना ही नहीं उनकी पत्नी भी उन्हें इस अवतार में देख नहीं पाईं। यहां तक की लोगों ने उन्हें नचनिया तक कहा था।
कमल हासन- चाची 420
कमल हासन फिल्म ‘चाची 420’ में एक महिला के गेटअप में नजर आए थे। बेहतरीन एक्टिंग के साथ कमल ने इस फिल्म को हर आयु वर्ग के दर्शक की पसंदीदा फिल्मों में से एक बना दिया। कमल का चाची का लुक काफी पसंद किया गया था।अपनी पत्नी को वापस लाने और बेटी के साथ कुछ समय बिताने के लिए एक कोरियोग्राफर किस तरह नैनी बन जाता है, ये देखना काफी मजेदार रहा।
गोविंदा- आंटी नंबर 1
हीरो नंबर वन के नाम से मशहूर गोविंदा ने अपने दौर में कई सालों तक दर्शकों के दिलों में राज किया। ऐसा कहना भी गलत नहीं होगा कि लड़की बन पहली बार किसी हीरो ने फैंस का दिल जीता तो वो गोविंदा ने। गुलाबी साड़ी और गजरा लगाए गोविंदा ने जो डांस किया उसे लोग आजतक नहीं भूले।
आमिर खान- बाजी
फिल्म ‘बाजी’ में आमिर खान एक खास हिस्से में लड़की बने नजर आए थे। इस फिल्म में आमिर जूली बनकर दुश्मनों से लड़ते हैं, इसके लिए आमिर ने गाउन पहना और साथ ही लाउड मेकअप किया था। इतना ही नहीं इसके बाद भी आमिर ने कई विज्ञापनों में लड़की का रूप धारण किया था। जिसे दर्शकों ने खूब पसंद भी किया।