बॉलीवुड के फिटेस्ट एक्टर में से एक जॉन अब्राहम की आने वाली फिल्म 'परमाणु- द स्टोरी ऑफ पोखरण' है। यह फिल्म 11 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसी बीच जॉन अब्राहम कानपुर में हो रहे अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में पहुंचे और कई मुद्दों पर खुलकर बात की।
जॉन अब्राहम उन एक्टर्स में से एक हैं जो बॉलीवुड के अवॉर्ड फंक्शन में नहीं जाते। इस बारे में जॉन अब्राहम ने कहा कि 'मैं पैसों के लिए नहीं नाचता। अवॉर्ड फंक्शन एक मजाक की तरह हैं। यहां सब कुछ फिक्स है इसी वजह से मैं वहां नहीं जाता हूं।'
इस दौरान जॉन ने अभिषेक बच्चन के साथ अपनी दोस्ती पर भी बात की। जॉन ने कहा कि 'अभिषेक बच्चन मेरे खास दोस्तों में से एक हैं। 'दोस्ताना' फिल्म में अभिषेक के साथ काम करना सबसे स्पेशल रोमांस था।' जॉन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि 'फिल्म में मैंने अभिषेक को किस किया यह मैं कभी नहीं भूलूंगा।'
नेपोटिज्म पर बोलते हुए जॉन अब्राहम ने कहा कि 'फिल्म इंडस्ट्री भाई-भतीजावाद पर भरोसा करती है। हमारी इंडस्ट्री में नेपोटिज्म बहुत ज्यादा है और इसे मैं खत्म करना चाहता हूं।' इसी बयान के बाद एक दर्शक ने जॉन से पूछा कि क्या वह यूपी के किसी यंगस्टर को जो कि एक्टर बनने का सपना देखता है उन्हें मौका देंगे? जॉन ने कहा कि 'बतौर प्रोड्यूसर मेरी यही कोशिश रहती है आउटसाइडर्स और नए कलाकारों को अपनी फिल्म में मौका दूं।'
जॉन ने अपने प्रोड्यूसर बनने पर कहा कि 'मैं एक एक्टर के रूप में खुश नहीं था। जैसी फिल्में मैं करना चाहता था वह नहीं कर पाया तो प्रोड्यूसर बनने की सोची।' जॉन ने कहा कि 'पोखरण टेस्ट करना भारत की बड़ी उपलब्धि थी। उसे हम एक कॉमर्शियल फॉर्म में भारत के युवाओं को बताना चाहते थे इसलिए इस पर फिल्म बनाई।' बता दें कि जॉन की फिल्म 'पोखरण' जल्द ही रिलीज होने वाली है।