अक्षय कुमार की फिल्म 'पैडमैन' 9 फरवरी को रिलीज हो रही है। बॉलीवुड के लगभग सभी स्टार्स इस फिल्म के प्रमोशन में लगे हुए हैं। अब चूंकि ये फिल्म पीरियड्स हाईजीन को लेकर बनी हैं अक्षय चाहते हैं कि ये फिल्म हर तबके के लोगों तक पहुंचे।
इसी के मद्देनजर कल अक्षय कुमार ने गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी से मुलाकात की और फिल्म दिखाया। खबर हैं कि आज केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के लिए अक्षय कुमार फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखेंगे। प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने शेड्यूल के अनुसार इस स्क्रीनिंग में शामिल हो सकते हैं।
अक्षय कुमार ने कल प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक की थी जिसके बाद ही आज फिल्म की स्क्रीनिंग रखी गई है। स्क्रीनिंग के बाद अक्षय इस बात पर जोर देंगे कि फिल्म का संदेश देश की ज्यादातर आबादी तक कैसे पहुंचाया जाए, ऐसे में अक्षय दूरदर्शन पर एक शैक्षिक वीडियो बनाने का विचार पेश कर सकते हैं।
इससे पहले पैडमैन फिल्म के प्रमोशन के लिए अक्षय सोमवार को अहमदाबाद भी गए थे। यहीं गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने फिल्म की झलक देखी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि फिल्म को गुजरात में टैक्स फ्री करने पर विचार किया जाएगा।
अक्षय कुमार की फिल्म पैडमैन अरुणाचल के मुरुगनाथम की बायोपिक पर आधारित है। इसमें अक्षय ने एक सामाजिक कार्यकर्ता की भूमिका निभाई है। इस फिल्म में अक्षय कुमार महिलाओं को पीरियड्स के दौरान आने वाली समस्याओं को लेकर जागृति लाने काम करते हैं। फिल्म को अक्षय की पत्नी ट्विंकल खन्ना प्रोड्यूस कर रही हैं।