फिल्म 'केसरी' के एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान अक्षय कुमार घायल हो गए हैं। जिस वक्त उनके साथ यह हादसा हुआ उस वक्त फिल्म का क्लाइमैक्स शूट हो रहा था जिसमें युद्ध का सीन फिल्माया जा रहा था।
जख्मी होने के बाद अक्षय कुमार फौरन सेट से चले गए। हालांकि, वहां उनका चॉपर स्टैंड-बाई में खड़ा था, मगर मुंबई जाने के बजाय वह सेट के पास मौजूद अपने एकोमोडेशन में रेस्ट करने का फैसला किया। खबर है कि अगर अक्षय एक दिन आराम करेंगे और अगर उनकी सेहत में सुधार हुआ तो शूटिंग भी शुरू कर देंगे।
'केसरी' फिल्म की शूटिंग महाराष्ट्र के सतारा जिले में स्थित वाई में चल रही है। फिल्म की कहानी सारगढ़ी की लड़ाई पर आधारित है। कुछ दिन पहले अक्षय के लुक की तस्वीर वायरल हुई थी जिसमें वह पगड़ी लगाए दिखाई दिए थे। जब अक्षय से इसके बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा - 'काफी वक्त से केसरी की शूटिंग कर रहा हूं। हर समय सिर पर ताज पहने रहता हूं और गर्व महसूस करता हूं।'
अक्षय ने कहा, 'मैं यह फिल्म इसलिए नहीं कर रहा हूं क्योंकि मुझे कुछ करना है। बल्कि इसलिए कर रहा हूं क्योंकि मैं ओंकार में विश्वास करता हूं।' फिल्म 'केसरी' 1897 की सारगढ़ी की लड़ाई पर बन रही है। इसमें अक्षय हवलदार ईशवर सिंह का किरदार निभाते नजर आएंगे। इस फिल्म को अनुराग सिंह डायरेक्ट कर रहे हैं।
फिल्म 'केसरी' में अक्षय कुमार के साथ परिणीति चोपड़ा भी नजर आएंगी। यह फिल्म अगले साल होली के मौके पर रिलीज होगी। अक्षय कुमार के पास 'केसरी' के अलावा 'गोल्ड', 'पलटन'और 'हाउसफुल-4' भी है।