लगता है आजकल हर फिल्म का विरोध करना ट्रेंड सा बन गया है। पहले संजय लीला भंसाली की पद्मावत और अब 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी'। जी हां, फिल्म के खिलाफ 'सर्व ब्राह्मण महासभा' ने विरोध करना शुरू कर दिया है। इस समय 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' की शूटिंग राजस्थान में जारी है। आइए जानते हैं कि आखिर इस विरोध की वजह क्या है?
फिल्म 'मणिकर्णिका में कंगना रनौत लीड रोल निभा रही हैं। विरोध कर रही सर्व ब्राह्मण महासभा का कहना है कि फिल्म में रानी लक्ष्मी बाई के किरदार को सही तरीके से पेश नहीं किया जा रहा है और इसकी शूटिंग तुरंत रोक देनी चाहिए। इस फिल्म के खिलाफ करणी सेना भी सर्व ब्राह्मण महासभा का साथ देने वाली है।
'सर्व ब्राह्मण महासभा' के राज्य अध्यक्ष सुरेश मिश्रा ने कहा, 'फिल्म की शूटिंग राजस्थान में चल रही थी। फिल्म के कुछ सीन और गाने की शूटिंग के दौरान हमें पता चला कि इसमें रानी लक्ष्मी बाई को एक अंग्रेज के साथ अफेयर करते दिखाया जाएगा।"
मिश्रा ने आगे कहा, "हमने पढ़ा कि फिल्म के कुछ हिस्से एक किताब से लिए गए हैं जिसका नाम रानी है। इसे लंदन की लेखिका जयश्री मिश्रा ने लिखा है। किताब के विवादित होने की वजह से इसे उत्तर प्रदेश सरकार ने बैन किया हुआ है। वहीं फिल्म मेकर ने इस प्रतिबंधित किताब के आधार पर अपनी फिल्म बनाई है।"