बॉलीवुड एक्ट्रेस जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में मुंबई की एक सत्र अदालत ने एक्टर सूरज पंचोली के खिलाफ मंगलवार को आरोप तय किए। इस मामले पर हाल ही में Spotboye ने आदित्य पंचोली से बात की। मामले में आरोपी पाए गए सूरज पंचोली के पिता आदित्य का कहना है कि मेरा बेटा निर्दोष है। कोर्ट ने मेरे बेटे के खिलाफ आरोप तय किए हैं। लेकिन मुझे कोर्ट में उसके ट्रायल शुरू होने से कोई डर नहीं है।
आदित्य पंचोली ने कहा मैं तो ट्रायल शुरू होने का इंतजार कर रहा था। कोर्ट में मामला शुरू होने से सारी चीजें साफ हो जाएंगी। मेरा बेटा दोषी होगा तो उसे सजा मिलेगी, दोषी नहीं हुआ तो वो सारे आरोपों से बरी हो जाएगा। जब हम बुरे दौर से गुजर रहे थे तब किसी ने हमारा साथ नहीं दिया था लेकिन सलमान खान हमेशा हमारे सपोर्ट में खड़े रहे। लोगों ने मेरे परिवार का साथ नहीं दिया, मुझे इस बात की किसी से कोई शिकायत नहीं है। आज के समय में हम खुद किसके साथ मुसीबतों में खड़े होते हैं।
जिया खान के बारे में बात करते हुए आदित्य ने कहा जिया के केस के बाद हम अपने बेटे के लिए बहुत फिक्रमंद हैं। उसके आसपास कैसे लोग हैं, इस बात की सूरज के साथ हमें भी चिंता रहती है। आपको बता दें कि आरोप पत्र के मुताबिक जिया खान तीन जून 2013 को अपने घर में फांसी पर लटकी मृत पाई गई थी। छानबीन के कुछ दिन बाद जिया का सुसाइड लेटर हाथ लगा जिसमें सूरज द्वारा उन्हें प्रताड़ित करने की खबर थी। जिसके बाद 10 जून 2013 को सूरज पंचोली को हिरासत में ले लिया गया था।
आत्महत्या से पहले जिया दो दिन से सूरज के घर पर रह रही थीं और उसी दिन अपने घर आईं थीं। सीबीआई के मुताबिक सूरज ने पूछताछ में कई तथ्य छुपाए और मनगढंत जानकारियां दी थी। सूरज ने पॉलीग्राफी और ब्रेन मैपिंग टेस्ट करवाने से भी इनकार कर दिया था।
मुंबई पुलिस ने खुदकुशी का मामला दर्ज किया था। लेकिन जिया खान की मां राबिया खान ने सूरज पंचोली के पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। सूरज पंचोली अभिनेता आदित्य पंचोली के बेटे हैं। सूरज को जिया का ब्वॉयफ्रेंड बताया जाता रहा है।