अभिनेता इरफान खान किसी दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे हैं। उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए ये बात शेयर की थी। अब उनसे जुड़ी एक और नई जानकारी सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा कहा गया था कि इरफान खान को ब्रेन कैंसर हुआ है और वह कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती हैं। लेकिन मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल के सूत्रों ने अभिनेता इरफान खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबरों को गलत बताया है। बता दें कि ऐसी अफवाहें उड़ी थीं कि 51 वर्षीय अभिनेता को ब्रेन कैंसर हुआ है उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरअसल 5 मार्च को इरफान ने एक बयान जारी करते हुए कहा था कि वह एक गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं और पूरे इलाज के बाद ही वे पूरी जानकारी साझा करेंगे। वहीं कोकिलाबेन अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा कि यह गलत है और वे इलाज के लिए यहां भर्ती नहीं हैं। अभिनेता की टीम ने भी उनके निजी अस्पताल में भर्ती होने की खबरों का भी खंडन किया है।
कैंसर के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने जवाब देने से मना कर दिया। अभिनेता के एक प्रवक्ता ने कहा कि हम जल्द से जल्द अपनी प्रतिक्रिया देंगे लेकिन फिलहाल हम कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। एक ट्विटर पोस्ट में इरफान ने कहा था कि उन्हें और उनके परिवार को बीमारी के बारे में पता चलने पर झटका लगा था।