बॉलीवुड की आमिर खान अभिनीत फिल्म 'सरफरोश' का सीक्वल बनाने की चर्चा जोरों पर है। हालांकि 1999 की इस सुपरहिट फिल्म के सीक्वल में आमिर की जगह जॉन अब्राहम को कास्ट करने की अटकलें लगाई जा रही हैं। गौरतलब है कि यह फिल्म आमिर खान के करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई थी। लेकिन मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 'सरफरोश 2' में आमिर की जगह जॉन अब्राहम ले सकते हैं।
फिलहाल अब्राहम और निर्देशक जॉन मैथ्यू मैथन में बातचीत चल रही है। सरफरोश के सीक्वल की कहानी नक्सल गतिविधियों और भारत के रेड कॉरिडोर पर आधारित होगी। इसके पहले पार्ट के अंत से ही सीक्वल की कहानी शुरू की जाएगी। हालांकि 'सरफरोश' के निर्देशक जॉन मैथ्यू मैथन ने अब्राहम को कास्ट किए जाने की बात को सिरे से खारिज कर दिया है।
जॉन मैथ्यू मैथन ने बताया कि वे अभी फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं और इसके पूरा होने के बाद ही बाकी चीजों के बारे में सोचेंगे। बकौल मैथ्यू इस बाबत कई एक्टर्स से बातचीत चल रही है, लेकिन अभी फाइनल कुछ भी नहीं हुआ है। बताते चलें कि सरफरोश ने आमिर के चॉकलेटी हीरो इमेज के टैग को तोड़ा था, इसमें उन्होंने एसीपी अजय सिंह राठौड़ का रोल निभाया था, जो कि अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गैंग के खिलाफ लड़ता है।
इस फिल्म में आमिर के अलावा नसीरुद्दीन शाह और सोनाली बेंद्रे अहम रोल में थे। बता दें कि जॉन अब्राहम की फिल्म 'परमाणु' इस साल रिलीज हुई थी जिसने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था, वहीं 15 अगस्त को उनकी फिल्म 'सत्यमेव जयते' भी रिलीज हो रही है। इसके अलावा वह फिल्म ‘रॉ’ की शूटिंग में भी व्यस्त हैं। अगर जॉन 'सरफरोश 2' में काम करते हैं तो ये उनकी लगातार चौथी देशभक्ति फिल्म होगी।