3 साल बाद रानी मुखर्जी ने 'हिचकी' फिल्म से कमबैक किया है। जानकारी के मुताबिक शुरुआती दौर में इस फिल्म की कमाई ठीक ठाक चल रही है। क्रिटिक ने भी इस फिल्म में रानी के काम की सराहना की है। वहीं रानी की 'हिचकी' को लेकर बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने अपना रिव्यू दिया है जिसे जानने के बाद रानी को खुशी जरूर होगी।
आमिर खान ने ट्वीट किया - 'काफी लंबे समय बाद अच्छी फिल्म देखी। शानदार अभिनय के साथ हिचकी जबरदस्त फिल्म है। इसे देखने से बिल्कुन न चूंके। रानी, सिद्धार्थ, नीरज काबी और सभी बच्चों को बेहतरीन फिल्म के लिए शुक्रिया।' रानी और आमिर अच्छे दोस्त हैं। रानी को 'गुलाम' फिल्म से ही पहचान मिली थी जिसमें वह आमिर खान के साथ पहली बार नजर आई थीं।
हिचकी फिल्म में रानी मुखर्जी एक टीचर का रोल निभा रही है जो अजीब बीमारी से पीड़ित है। फिल्म को सिद्धार्थ पी मल्होत्रा ने डायरेक्ट किया है। यशराज बैनर के तले बनी इस फिल्म के प्रोडक्शन पर 12 करोड़ वहीं एडवरटाइजिंग और प्रिंट पर 8 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। कुल मिलाकर इस फिल्म का बजट 20 करोड़ रुपए है। वर्ल्डवाइड इस फिल्म को 1341 स्क्रीन पर रिलीज किया गया है।
ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि यह फिल्म महज कुछ दिनों में ही अपना बजट निकाल लेगी। फिल्म क्रिटिक की मानें तो पहले दिन हिचकी 1.75 करोड़ का बिजनेस कर सकती है। मेकर्स ने फिल्म को प्रमोट करने के लिए नायाब तरीका निकाला था।
रानी बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों से मिली और उनकी जिंदगी की हिचकी के बारे में जानने की कोशिश की। इनमें शाहरुख खान, सलमान खान, कटरीना कैफ और अनिल कपूर का नाम शामिल हैं। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि रानी इस फिल्म से लोगों के दिलो में धाक जमाने में कामयाब होंगी या फिर नहीं?