बॉलीवुड में कई ऐसी क्लासिक फिल्में हैं जिन्हें आज भी दर्शक द्वारा याद किया जाता है। इन्हीं फिल्मों में से एक नाम है राम लखन। आज इस फिल्म को रिलीज हुए 31 साल पूरे हो गए हैं। सुभाष घई के निर्देशन में बनी ये फिल्म ब्लॉकबस्टर थी। इसमें अनिल कपूर, माधुरी दीक्षित के अलावा जैकी श्रॉफ, डिंपल कपाड़िया, गुलशन ग्रोवर, अनुपम खेर और राखी गुलजार जैसे सितारे नजर आए थे।
फिल्म में दो भाइयों की कहानियों के माध्यम से अच्छे और बुरे के बीच की लड़ाई को दिखाया गया था। इस फिल्म में माधुरी, अनिल कपूर के बचपन का प्यार बनीं थीं। फिल्म में अनुपम खेर ने माधुरी के पिता की भूमिका निभाई थी। फिल्म की कहानी के अलावा इसके गाने 'माई नेम इज लखन', 'तेरा नाम लिया' और 'मेरे दो अनमोल रतन' सुपर हिट रहे थे और जो आज भी विशेष दर्शक वर्ग में लोकप्रिय हैं।
अनिल कपूर के अलावा फिल्म में गुलशन ग्रोवर ने एक गैंगस्टर ‘केसरिया विलायती’ का किरदार निभाया था, जो उस समय काफी पॉपुलर हुआ था। गुलशन ग्रोवर को उनके डायलॉग 'बैडमैन' (Bad Man) की वजह से उन्हें बैडमैन नाम से भी पुकारा जाने लगा था। आज भी उनका ये किरदार याद किया जाता है।
बता दें कि फिल्म में एक एक्शन सीन करते समय बड़ा हादसा हो गया था। अनिल ने गलती से गुलशन ग्रोवर की आंख पर मार दिया था। इसके बाद गुलशन ग्रोवर, अनिल से काफी नाराज हुए थे। वो अनिल के घर गए और उन्हें काफी खरी-खोटी सुनाई थी। अनिल भी चुप नहीं रहे थे उन्होंने गुलशन को काफी फटकारा। इस मामले के बाद अनिल कपूर और गुलशन ग्रोवर ने बात करना बंद कर दिया था और फिर साथ काम भी नहीं करते थे। बाद में दोनों में सुलह हुई।
फिल्म की सबसे खास बात ये थी कि 'राम लखन' पहली ऐसी मूवी थी जिसके गाने सीडी फॉर्मेट में आए थे। राम लखन को उस साल दो फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिले थे। इनमे बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के लिए राखी और बेस्ट कॉमिक रोल के लिए अनुपम खेर को मिला था।