अब तक कई कलाकार कानूनी केस में उलझ चुके हैं। वहीं, कुछ को तो जेल भी जाना पड़ा है। इनमें संजय दत्त और सलमान खान का मामला लगभग हर कोई जानता है, मगर आज हम आपको कुछ ऐसे कलाकारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो अजीबो-गरीब मामले की वजह से कानूनी पचड़े में फंस चुके हैं। इनमें करीना कपूर, करण जौहर, विक्की कौशल और फरहान अख्तर शामिल हैं।
Bollywood Celebs: अजीबो-गरीब मामले से कानूनी पचड़े में फंस चुके हैं ये कलाकार, विक्की का केस सुनकर आएगी हंसी
अब तक कई कलाकार कानूनी केस में उलझ चुके हैं। वहीं, कुछ को तो जेल भी जाना पड़ा है। इनमें संजय दत्त और सलमान खान का मामला लगभग हर कोई जानता है।
करीना कपूर
बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान दो बच्चों- तैमूर और जहांगीर की मां हैं। उन्होंने अपने प्रेग्नेंसी से जुड़े अनुभवों को लेकर एक किताब लिखी थी, जिसका नाम है- 'द प्रेगनेंसी बाइबल'। किताब के बाजार में आते ही एक विवाद खड़ा हो गया था। क्रिस्टोफर एंथनी नाम के एक वकील ने इस किताब के नाम पर आपत्ति जताते हुए एक याचिका दर्ज की थी। उनका कहना था कि किताब के शीर्षक में 'बाइबल' शब्द के इस्तेमाल से करीना कपूर ने कथित तौर पर ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
विक्की कौशल
विक्की कौशल भी एक अजीबों-गरीब मामले की वजह से कानूनी पचड़े में फंस गए थे। साल 2022 की बात है। विक्की कौशल उन दिनों इंदौर में अपनी फिल्म 'जरा हटके जरा बचके' की शूटिंग कर रहे थे। शूट की तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हुई तो इंदौर के रहने वाले एक शख्स ने विक्की के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। दरअसल, उस आदमी का आरोप था कि शूट के दौरान विक्की जिस बाइक को चला रहे थे, उसकी नंबर प्लेट उनकी बाइक की है। हालांकि, उन्हें बाद में अपनी गलती का एहसास हुआ कि बोल्ट के कारण वो एक और चार नंबर को लेकर भ्रमित हो गए थे।
करण जौहर
करण जौहर को साल 2012 में रिलीज हुई अपनी फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' को लेकर मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। इस फिल्म का एक गाना 'राधा' बड़ा हिट हुआ था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक संगठन इस गाने में राधा को 'सेक्सी' बताए जाने पर बिफर गया था। हिंदू जनजागृति समिति ने इसे अपमानजनक करार दिया था और करण जौहर समेत शाहरुख खान, गौरी खान और फिल्म की टीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
फरहान अख्तर
'मिर्जापुर' हिंदी में बनी एक हिट वेब सीरीज है। इसका निर्माण करने वाले फरहान अख्तर उस वक्त परेशानी से घिर गए थे, जब यूपी पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी थी। दरअसल, उन पर आरोप था कि इस सीरीज में मिर्जापुर जिले का जैसा चित्रण किया गया है, उससे धार्मिक, सामाजिक और क्षेत्रीय भावनाओं को ठेस पहुंची है। रिपोर्ट्स की मानें तो पर्याप्त सबूतों के अभाव में बॉम्बे हाईकोर्ट ने एफआईआर को खारिज कर दिया था।