नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रविवार को प्लेटफॉर्म नंबर 3 से हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि दोपहर11:25 बजे केरला एक्सप्रेस दिल्ली स्टेशन से छुटने वाली थी। अचानक एक महिला इंजन के सामने पटरी पर आकर बैठ गई।
ट्रेन के ड्राइवर ने हॉर्न बजाकर महिला को हटाना चाहा लेकिन वह वहां से उठने को तैयार नहीं थी। ड्राइवर ने तत्काल इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
सूचना पर अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपीएफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को पटरी से हटाकर यहां बैठने का कारण पूछा तो उसने बताया कि वो इंजन के साथ लगे जनरल डिब्बे में चढ़ना चाह रही थी, लेकिन इस डिब्बे में सेना के जवानों और अन्य लोगों ने कब्जा कर लिया।
ऐसे में डिब्बे में जगह नहीं मिली। महिला ट्रेन में चढ़ाए जाने की शर्त पर पटरी से हटने के लिए तैयार हुई। महिला को हटाने में 11:40 बजे गए। इसके चलते ये ट्रेन निर्धारित समय से लगभग 15 मिनट की देरी से रवाना हो सकी।