चलती कार में चलाते थे ये गोरखधंधा, 3 युवतियों समेत पांच गिरफ्तार
गुरुग्राम में नामचीन बीमा कंपनी मैक्स लाइफ इंश्योरेंस के कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर देशभर में लोगों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। गिरोह के सदस्य पुलिस से बचने के लिए चलती कार के अंदर से फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर रहे थे। बुधवार को पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-17 की टीम ने 3 युवतियों व 2 युवकों को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में गिरोह के सदस्यों ने खुलासा कि बीमा पॉलिसी प्रीमियम में डिस्काउंट के नाम पर दो वर्ष में देशभर के 100 से अधिक लोगों से करोड़ों की ठगी कर चुके हैं। इसमें हरियाणा सरकार के अफसर भी शामिल है।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-1) प्रीतपाल सांगवान ने बताया कि अपराध शाखा की टीम को मंगलवार शाम को सूचना मिली की गिरोह के सदस्य दिल्ली के आसपास हैं। सूचना के आधार पर टीम ने द्वारका सेक्टर-13 से पांच आरोपियों को दबोचा।
इनकी पहचान दिल्ली नजफगढ़ के पास गोल्डन एंक्लेव निवासी आमिर खान, उत्तम नगर के पास संजय एंक्लेव निवासी अभिषेक उर्फ गोलू, शंकर एक्सटेंशन निवासी संध्या शर्मा, उत्तम नगर शुक्र बाजार टी ब्लॉक निवासी सोनाली श्रीवास्तव और रत्नापुरी चौक आर ब्लॉक निवासी नेहा के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह का सरगना अभिषेक इस पूरे नेटवर्क को चलाता है। तीनों युवतियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया जबकि दोनों युवकों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
ऐसे करते थे ठगी
कस्टमर केयर अधिकारी बनकर युवतियां किस्त जमा कराने के लिए फोन करती थीं। वे भारी छूट दिलाने का लालच देकर बैंक खाते में पैसे डलवा लेती थीं। प्रशिक्षण के लिए 60 हजार प्रतिमाह देता था ट्रेनर को।