बरेली से हिंडन एयरबेस जा रहे एनसीसी के एयरक्राफ्ट में गाजियाबाद की सीमा में तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने आनन-फानन में पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर एयरक्राफ्ट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। इस दौरान एयरक्राफ्ट की बायीं विंग हाईवे की साइड रेलिंग से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि अगला पहिया भी टूटकर अलग हो गया। पायलट सहित एयरक्राफ्ट में मौजूद दोनों लोग सुरक्षित बच गए। एक ओर जहां एयरक्राफ्ट में तकनीकी खराबी के चलते उसकी इमरजेंसी लैंडिंग हुई, वहीं उसे बचाने आए एक हेलिकॉप्टर को खेत में लैंड करने का किस्सा भी दिलचस्प है....
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद एयरक्राफ्ट के पायलट को बचाने आया हेलिकॉप्टर, भीड़ ज्यादा देख खेत में उतारा
एयरलिफ्ट कराए गए पायलट, खेत में उतरा हेलीकॉप्टर
लैडिंग के बाद पायलट दोपहर करीब 2 बजे एयरफोर्स को सूचना दी, जिसके बाद हिंडन एयरबेस से हेलीकॉप्टर मौके पर भेजा गया। करीब 2.15 बजे हेलीकॉप्टर खेत में उतारा गया। बताया जा रहा है कि भीड़ के चलते हेलिकॉप्टर की खेत में लैंडिंग हुई। उसमें से उतरे एयरफोर्स कर्मियों ने दोनों पायलट को एयरलिफ्ट कर हिंडन एयरबेस पहुंचाया गया।
एक्सप्रेस-वे पर लगी वाहनों की कतारें
एयरक्राफ्ट की इमरजेंसी लैडिंग के बाद हाईवे से गुजर रहे राहगीर भी उसे देखने के लिए रूकने लगे। देखते ही देखते वाहनों की कतार लग गई। इसके अलावा आसपास इलाके से पहुंचे लोगों की भीड़ से भी जाम की स्थिति विकट होती चली गई। इस दौरान सैकड़ों लोगों को करीब आधा घंटे तक जाम से जूझना पड़ा।
टोलकर्मियों ने दी पुलिस को सूचना
डासना से दुहाई की तरफ जाने वाली लेन पर वाहनों की आवाजाही रुकने पर टोलकर्मी सतर्क हो गए। इसी बीच वहां से गुजरे इक्का-दुक्का वाहन चालकों से पूछा को उन्होंने एयरक्राफ्ट की लैडिंग के बारे में बताया। टोलकर्मियों की सूचना पर मसूरी थाना पुलिस पहुंची। अधिकारियों को सूचना देकर मुरादनगर पुलिस भी बुला ली गई। पुलिस ने मशक्कत कर ट्रैफिक सुचारू कराया।
पुलिस को हटानी पड़ी भीड़
एयरक्राफ्ट से किसी तरह की छेड़छाड़ न हो, इसके लिए टेप से बेरिकेडिंग कर दी गई। इसके अलावा पुलिस को एयरक्राफ्ट के पास से लोगों को खदेड़ना पड़ा। लोगों को एयरक्राफ्ट से दूर रखने के लिए पुलिस को अच्छी-खासी मशक्कत करनी पड़ी।