दिल्ली के नंद नगरी इलाके में सगे ताऊ के लड़के ने दोस्तों के साथ मिलकर 17 वर्षीय भाई को अगवा कर एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। आरोपी का भेद न खुले इसके लिए उसने किशोर को नींद की गोलियां देकर बेहोश कर दिया। बाद में उसे मुरादनगर स्थित गंगनहर में फेंक दिया। 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने वारदात से पर्दा उठाकर मुख्य आरोपी समेत पांच आरोपियों को दबोच लिया गया।
सगे ताऊ के लड़के ने भाई को किया अगवा, मांगी एक करोड़ की फिरौती, जब खुलने लगा भेद तो...
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंकज उर्फ बब्बल, हापुड़ निवासी मुर्सलीन उर्फ सलीम, डासना निवासी शोएब व नसीमुद्दीन उर्फ छोटू और मेरठ निवासी सलमान के रूप में हुई है। इनमें पंकज, साहिल मेहरा (17) के सगे ताऊ का लड़का है। फिलहाल किशोर का पता नहीं चला है। गोताखोर गंगनहर में शव की तलाश कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक साहिल मेहरा (17) परिवार के साथ बी-1/268 नंद नगरी में रहता था। इसके परिवार में पिता संतराम मेहरा उर्फ विक्की, मां किंदर कौर, बहन कंचन उर्फ कृतिका (19) के अलावा एक ताऊ मोहन लाल मेहरा, दो चाचा राजेंद्र व संजीव हैं। सभी चार माले के मकान में अलग-अलग फ्लोर पर रहते हैं। संतराम का करोलबाग इलाके में टूर एंड ट्रैवल के अलावा, मनी एक्सचेंज व मोबाइल का कारोबार है।
साहिल इलाके के एक पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। मंगलवार शाम को ट्यूशन पढ़ने के बाद वह घर पहुंचा। इसके बाद दोबारा 7 बजे घर से पार्क में घूमने जाने की बात कर निकल गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश करना शुरू की। इस बीच साहिल के पिता संतराम के मोबाइल पर 10 बजे फिरौती की कॉल आई। आरोपियों ने संतराम से एक करोड़ रुपये की मांग की। बदमाशों ने संतराम की साहिल से बातचीत भी कराई, जिसमें उसने पिता से रुपये देने की बात की। फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
खबर मिलते ही जिले की पुलिस हरकत में आई।
मामले की छानबीन में अपराध शाखा को भी शामिल किया गया। पुलिस ने टेक्नीकल सर्विलांस के आधार पर कॉल की लोकेशन का पता किया तो वह डासना की मिली। जांच के दौरान परिजनों से पूछताछ में पंकज के आचरण पर पुलिस को कुछ शक हुआ। सख्ती से पूछताछ के बाद आरोपी पंकज ने साहिल को अगवा करने की बात कबूल कर ली। उसने पुलिस को बताया कि उसने साहिल की हत्या करा दी है। साहिल को नींद को गोलियां खिलाकर मुरादनगर में गंगनहर में फेंक दिया गया है। पुलिस ने पंकज से पूछताछ के बाद उसके चार अन्य साथियों को दबोच लिया।