द्वारका नार्थ इलाके में दसवीं कक्षा में आशा के अनुरूप नंबर नहीं आने पर एक छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवार वालों ने बताया कि कम नंबर आने के बाद से वह काफी तनाव में था।
छात्र की पहचान रोहित (15) के रूप में हुई है। वह सपरिवार भरत विहार में रहता था। उसके पिता दक्षिण नगर निगम में कार्यरत हैं। मंगलवार दोपहर करीब पौने चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि दसवीं कक्षा के एक छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में कर लिया। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को छात्र का दसवीं कक्षा का रिजल्ट आया था। उसे 59 फीसदी नंबर मिले थे। उसे ज्यादा नंबर आने की उम्मीद थी। कम नंबर आने के बाद से वह परेशान हो गया।
उसके बाद छात्र अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद परिवार वाले उसके कमरे में पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। परिवार वालों ने दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। छात्र पंखे से लटका हुआ था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरूआती जांच में कम नंबर आने की वजह से परेशान होकर कदम उठाने की बात सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।