लगातार मूसलाधार बारिश के बाद भी नैनीताल और मसूरी में पर्यटकों की आवाजाही बनी हुई है। नैनीताल में पर्यटकों की आमद लगातार बढ़ने से पर्यटन कारोबारियों में अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है। रविवार शाम बारिश के रुकने के बाद होटलों में ठहरे पर्यटक शहर में घूमने के लिए निकले, जिससे कारोबारियों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
कोरोना संक्रमण कम होने के बाद और गाइडलाइन में कुछ ढील देने के बाद अब नैनीताल में पर्यटक नजर आने लगे हैं। इससे धीरे-धीरे कारोबार पटरी पर लौट रहा है। बीते एक सप्ताह से नगर में पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें... आफत की बारिश: पिथौरागढ़ का देश-दुनिया से संपर्क कटा, दर्जनों पुल बहे, सड़कें बंद होने से फंसे लोग, तस्वीरें...
रविवार को जैसे ही बारिश कुछ देर के लिए रुकी, पर्यटक होटलों से बाहर निकल आए। इसके बाद मॉलरोड, पंतपार्क, बोट स्टैंड, बैंड स्टैंड, चाट बाजार में पर्यटक चहलकदमी और मौजमस्ती करते नजर आए। वहीं, पर्यटकों ने नौकायन का आनंद लिया।
इसके अलावा, पर्यटक बारापत्थर, किलबरी, पंगूट, स्नोव्यू, हिमालय दर्शन, हनुमान गढ़ी भी पहुंचे। जानकारी के अनुसार रविवार को सुबह से शाम पांच बजे तक तल्लीताल लेक ब्रिज चुंगी से पर्यटकों के 500 वाहनों ने शहर में प्रवेश किया।
2 of 5
नैनीताल पहुंचे पर्यटक
- फोटो : अमर उजाला
नैनीताल में बीते शनिवार को पर्यटकों के 400 से अधिक वाहन चुंगी से गुजरे। वहीं, मौसम खुशनुमा होने से पहाड़ों की रानी मसूरी वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार रही। लंबे समय बाद शहर में पर्यटकों की चहल-पहल देखने को मिली। शहर के अधिकांश होटल सैलानियों से बुक रहे। इससे मंदी की मार झेल रहे होटल व्यवसायियों के चेहरे खिले नजर आए।
3 of 5
मसूरी पहुंचे सैलानी
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना काल में रविवार को बड़ी संख्या में सैलानी मसूरी पहुंचे। सैलानियों की चहल पहल से माल रोड गुलजार रही। शहर के अधिकांश रेस्टोरेंट, बाजार बंद होने से सैलानियों को खाने-पीने की थोड़ी समस्या रही। इससे सैलानी मसूरी से जल्दी लौट गए। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को कहना है कि सरकार ने पर्यटकों के आने की छूट तो दी है, लेकिन सुविधाओं का खास ध्यान नहीं दिया है।
4 of 5
मसूरी पहुंचे सैलानी
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के सैलानी प्रवेश कुमार ने कहा कि मसूरी में रेस्टोरेंट और बाजार बंद होने से परेशानी हो रही है। वहीं, हरियाणा के सैलानी जगपाल सिंह का कहना है कि मसूरी आकर होटल तो मिल गया, लेकिन रेस्टोरेंट और दुकानें बंद हैं। मसूरी होटल एसोसिएशन अध्यक्ष आरएन माथुर ने कहा कि इस वीकेंड पर ज्यादा सैलानी पहुंचे है।
5 of 5
मसूरी पहुंचे सैलानी
- फोटो : अमर उजाला
शहर के करीब 80 प्रतिशत होटल खुल चुके हैं। इनमें करीब 70 फीसदी फुल हैं। कई सैलानी बिना टेस्ट के पहुंच रहे हैं। ऐसे सैलानियों को लौटाया जा रहा है। उत्तराखंड होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संदीप साहनी ने कहा कि जब प्रदेश में सैलानियों के आने की अनुमति दी गई तो अब सरकार को रेस्टोरेंट और बाजार भी खोल देने चाहिए।