मंगलवार को रुड़की में हरिद्वार-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन में लगे महिला कोच में पुरुष यात्रियों के बीच सीट को लेकर जमकर हंगामा हो गया। देखते ही देखते मारपीट हो गई। जिससे महिला कोच में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी महिला कोच में पहुंची और मामला शांत कराया।
इस दौरान करीब पांच मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर ही खड़ी रही। मामला शांत होने पर ट्रेन को रवाना किया गया। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। एक्सप्रेस से लेकर पैसेंजर ट्रेन यात्रियों से खचाखच भरी रही। इस दौरान यात्री महिला कोच, विकलांग कोच और खिड़की पर खड़े होकर यात्रा करते नजर आए।
मंगलवार की सुबह हरिद्वार से दिल्ली जाने वाली दिल्ली पैसेंजर ट्रेन में भी यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। ट्रेन जैसे ही रुड़की रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो यात्रियों में ट्रेन में सीट के लिए आपाधापी मच गई। इस बीच कई पुरुष यात्री महिला कोच में जा घुसे। यहां महिला कोच में पहले से बैठे पुरुष यात्रियों ने उनका विरोध किया।
इसे लेकर उनमें नोक-झोंक, हंगामा होने लगा। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इससे कोच में बैठी महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट की सूचना मिलते ही आरपीएफ व जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह विवाद को शांत कराया।
इस दौरान हंगामे के चलते ट्रेन करीब पांच मिनट तक रेलवे स्टेशन पर ही खड़ी रही। जीआरपी इंचार्ज अमित कुमार ने बताया कि यात्रियों में विवाद हो गया था। मामले को शांत कराकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।