शाहिद और श्रद्धा की आने वाले फिल्म 'बत्ती गुल मीटर चालू' रिलीज होने से पहले ही विवाद में फंस गई है। मामला इतना बढ़ गया है कि थाने तक पहुंच गया है। बता दें कि, उत्तराखंड में शूट हुई यह फिल्म पेमेंट को लेकर विवाद में फंसी है।
ऋषिकेश के एक लोकल लाइन प्रोड्यूसर ने तय धनराशि का भुगतान नहीं किए जाने को लेकर कोतवाली पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने मेन लाइन प्रोड्यूसर से जान का खतरा भी शिकायत में बताया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक गंगानगर निवासी अरविंद तिवारी ने तहरीर में बताया कि उन्हें फिल्म बत्ती गुल मीटर चालू के लिए लोकल लाइन प्रोड्यूसर के तौर पर हायर किया गया था। उनका काम स्थानीय इलाकों की फोटोग्राफ्स भेजना और लोकल युवाओं की उपलब्धता आदि को पूरा करना था।
फिल्म की शूटिंग पूरी होने पर अरविंद तिवारी ने मेन लाइन प्रोडयूसर से तय रकम दिए जाने की मांग की, लेकिन वह लगातार आनाकानी करते रहे। धमकी दिए जाने पर
अरविंद तिवारी घबरा गए। उन्होंने ऋषिकेश कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचित किया। बताया कि मेन लाइन प्रोड्यूसर पर उनका तकरीबन ढाई लाख रुपए बकाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि पीड़ित से लिखित एग्रीमेंट से संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं। मामले की तहकीकात की जा रही है। धोखाधड़ी और धमकी से संबंधित आरोपों की पुष्टि होती है, तो उक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।