रियो ओलंपिक में प्रतिभाग कर रहे उत्तराखंड के धावक नितेंद्र रावत को ओलंपिक में प्रतिभाग करने के लिए मात्र तीन हजार रुपये का स्वीकृति पत्र मिला है।
विधायक चंदन दास और भाजपाइयों ने सीएम पर ओलंपिक में प्रतिभाग कर रहे धावक का अपमान करने का आरोप लगाया है।
रियो ओलंपिक में प्रतिभाग कर रहे गरुड़ ब्लॉक के अणां गांव निवासी धावक नितेंद्र रावत के पिता भाजपा नेता हरीश रावत ने बताया कि उत्तराखंड शासन का एक पत्र नितेंद्र रावत के नाम उन्हें मिला है, जिसमें तीन हजार रुपये आर्थिक सहायता स्वीकृति का जिक्र किया गया है।
पत्र में स्पष्ट कहा है कि यह सहायता रियो ओलंपिक में प्रतिभाग करने के लिए दी जा रही है। विधायक चंदन दास, भाजपा के प्रदेश कार्य समिति के अध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट ने इसे रियो ओलंपिक में प्रतिभाग कर रहे धावक का अपमान बताया है।
वहीं, कपकोट विधायक ललित फर्स्वाण ने बताया कि सीएम ने रियो ओलंपिक में प्रतिभाग कर रहे नितेंद्र रावत और एवरेस्ट विजेता पूजा मेहरा को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की है। जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी का आरोप है कि यह सब सरकार को बदनाम करने की भाजपा के लोगों की साजिश है।