अगर आप भी सिलेंडर घर पर मंगवाते हैं तो सावधान हो जाइए। आपको नुकसान झेलना पड़ सकता है।
घटतौली रोकने के लिए तेल कंपनियों ने होलोग्राम लगी टेंपर एविडेंट सील का प्रयोग करना शुरू कर दिया है। लेकिन इसके बाद भी शहर में यह धंधा जोरो पर चल रहा है। तेल कंपनियां घटतौली रोकने के लिए सिलेंडरों में प्लास्टिक की सील लगाकर भेज रही हैं, लेकिन घरों तक पहुंचते-पहुंचते सिलेंडरों से प्लास्टिक सील गायब मिल रही है।
देहरादून शहर में आए दिन रसोई गैस सिलेंडर में घटतौली की शिकायतें मिलती रहती हैं। कई जगह तो छापेमारी कर सिलेंडर जब्त भी किए गए हैं। लेकिन फिर भी घटतौली माफिया पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक, सिलेंडरों में आधे से लेकर दो किलो तक गैस कम दी जाती है।
मामूली भार अंतर के कारण अधिकतर उपभोक्ताओं को घटतौली का पता नहीं चल पाता। धंधे बाज सिलेंडर में लगी टेंपर एविडेंट सील में पहले पेचकश से छोटा से छेद करते है फिर उसे पेचकश के माध्यम से सिलेंडर के ढक्कन में लगे लोहे के तार को थोड़ा पुश करते है जिसके बाद सील आसानी से उपर उठ जाती और गैस चोरी हो जाती है।
हालांकि, तेल कंपनियों ने प्रत्येक गैस सिलेंडर में प्लास्टिक की सील लगाना अनिवार्य किया है। लेकिन इसका कोई असर नहीं हो रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि, उपभोक्ताओं के घरों में पहुंचने पर प्लास्टिक की सील सिलेंडरों से निकलने की सूचना है। घटतौली एजेंसी या सर्विस मैन के स्तर पर हो सकती है। शिकायत आने पर इस पर कार्रवाई की जाएगी।