सात साल के बेटे को रातभर पूरा गांव ढूंढता रहा, लेकिन सुबह जिस हालत में शव मिला उसे देखकर सबका कलेजा फट गया। रो-रोकर पिता का बुरा हाल है।
सोमवार देर रात को अल्मोड़ा के वन रेंज गढ़खेत के हरीनगरी गांव में सोमवार देर शाम तेंदुआ दीपक कुमार (7) पुत्र दीवानी राम को घर से उठा ले गया। ग्रामीण बच्चे की ढूंढखोज में जुटे थे। वहीं मंगलवार सुबह दीपक का शव जंगल से आधा खाया हुआ मिला।
घटना के बाद समूचे इलाके में दहशत व्याप्त है। इधर, आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव से सटे जंगल में आग लगा दी है। जंगल में फायरिंग की सूचना भी है। बताया जा रहा है कि, शाम घर के अंदर एक कमरे में खेल रहा था। इतने में तेंदुआ वहां आ धमका और बच्चे को उठा ले गया। बच्चे की चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन जब तक कमरे में पहुंचते तब तक तेंदुआ उसे उठाकर जंगल की ओर भाग गया।
ग्राम प्रधान ने बताया कि घटना की सूचना वन रेंजर गढ़खेत को दे दी है। बता दें कि तीन माह पूर्व भी हरीनगरी में तेंदुआ करन नाम के एक बच्चे को भी उठा ले गया था। वहीं, एसडीएम गरुड़ सुंदर सिंह, जिला पंचायत सदस्य शिव सिंह बिष्ट और कनिष्ठ प्रमुख प्रकाश कोहली और ब्लॉक प्रमुख भरत फर्स्वाण ग्रामीणों के साथ जंगल की ओर निकल गए।
इधर, सोमवार की सुबह तेंदुए ने हवालबाग के नैनोली गांव में ग्राम प्रहरी महेश कुमार (45) पुत्र प्रताप राम पर हमला कर उसे घायल कर दिया। ग्राम प्रहरी के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ देखकर तेंदुआ भाग गया। ग्रामीणों ने ग्राम प्रहरी को अल्मोड़ा बेस अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी है।