डीएवी पीजी कालेज में एक फेसबुक कमेंट को लेकर छात्रों के बीच हुई तनानती बवाल में तब्दील हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि छात्र पीएसी के जवान से भी भिड़ गए। इसके बाद छात्रों पर जमकर पुलिस के डंडे बजे। तस्वीरें देखिए...
बताया जा रहा है कि छात्र संघ अध्यक्ष से एक युवक को छुड़ाने को लेकर जवान से धक्की-मुक्की के बाद टकराव के हालात बन गए। पीएसी के जवानों ने लाठियां फटकार छात्रों को खदेड़ दिया, जिसमें कई को चोटें आई है।
एसएसपी ने छात्रों की मांग पर सहानुभूतिपूवर्क विचार करने को कहा है। हालांकि इस मामले में अभी किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं आई है। डीएवी कालेज परिसर में एक माह पहले छात्रों में हुई मारपीट के बाद पीएसी तैनात कर दी गई थी। शुक्रवार को छात्र संघ अध्यक्ष राहुल कुमार और महासचिव कपिल शर्मा आदि ने एक बाहरी छात्र को कालेज परिसर में पकड़ लिया।
छात्र नेता उसे पीटते हुए प्राचार्य कार्यालय की ओर ले जा रहे थे। युवक की आवाज सुनकर पीएसी के एक जवान ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया। इससे छात्र नेता और पीएसी के जवान में धक्का-मुक्की हो गई। शोर-शराबा हुआ तो छात्रों ने पीएसी के जवान को घेरकर हाथापाई शुरू कर दी है। चर्चा तो मारपीट तक की उड़ती रही।
यह खबर पीएसी कैंप पहुंची तो सादे कपड़े में पीएसी के जवान दौड़ पड़े। उन्होंने सीधे छात्रों पर लाठीचार्ज कर दिया, जिससे छात्रों में भगदड़ मच गई। छात्रों के साथ एक-दो शिक्षक भी पीएसी के लाठीचार्ज का शिकार हो गए। पीएसी के लाठी फटकारने के विरोध में छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। एक तरफ छात्र और दूसरी तरफ पीएसी के जवान होने के कारण टकराव की स्थिति बन गई।