गुरुवार को पुंछ जिले में सीज फायर का उल्लंघन कर रहे पाक सैनिकों की गोलाबारी के दौरान शहीद हुए 16वीं गढ़वाल राइफल के सूबेदार स्वतंत्र सिंह (46) का पार्थिव शरीर शुक्रवार शाम को हेलीकॉप्टर से लैंसडौन लाया गया है।
शहीद के पार्थिव शरीर को लैंसडौन के गढ़वाल राइफल्स मुख्यालय के शहीद भवानी दत्त जोशी परेड ग्राउंड में राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ लाया गया, जहां मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि, लैंसडौन के विधायक दिलीप रावत ने शहीद सैनिक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
शहीद भवानी दत्त जोशी परेड ग्राउंड में शहीद सूबेदार के पार्थिव शरीर पर गढ़वाल राइफल्स के कमांडेंट ब्रिगेडियर हरमीत सेठी ने गढ़वाल राइफल्स की तरफ से पुष्पचक्र अर्पित किए। पुष्पांजलि देने वालों में एएसपी प्रदीप राय, उपजिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल, कोतवाली प्रभारी एसएन गैरोला, सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल परशुराम फरस्वाण (रिटा.) सहित कई सैन्य अधिकारी शामिल रहे।
शहीद का पार्थिव शरीर शुक्रवार रात को सैन्य चिकित्सालय में रखा गया। जहां से शनिवार तड़के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव उडियारी (द्वारीखाल ब्लाक) ले जाया जाएगा।
घर में अंतिम दर्शन के बाद सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। विधायक दिलीप रावत ने बताया कि शहीद सूबेदार स्वतंत्र सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का लैंसडौन आने का कार्यक्रम था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उनका कार्यक्रम रद्द हो गया है।