हरिद्वार जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ियों को बॉर्डर पर ही बोतलों में गंगाजल उपलब्ध कराने का काम शुरू हो गया है। हालांकि, पहले दिन सिर्फ भगवानपुर के काली नदी और मंडावर चेक पोस्ट पर ही लोग गंगाजल लेने पहुंचे। नारसन और खानपुर बॉर्डर पर गंगाजल के टैंकर तो खड़े हैं, लेकिन कोई गंगाजल नहीं आया। भगवानपुर के बॉर्डर पर कांवड़ियों ने इस मुहिम की सराहना की।
कांवड़ मेला प्रतिबंधित होने के बाद भी सावन में दूसरे राज्यों के श्रद्धालु गंगाजल और कांवड़ लेने हरिद्वार का रुख कर रहे हैं। नारसन, भगवानपुर के काली नदी और मंडावर चेक पोस्ट व खानपुर क्षेत्र के बॉर्डर पर पुलिस-प्रशासन को कांवड़ियों को लौटाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
ऐसे में जिला प्रशासन ने शुक्रवार से बॉर्डर पर ही गंगाजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू कर दी। सुबह ही सभी बॉर्डर और चेक पोस्ट पर गंगाजल से भरे टैंकर पहुंचा दिए गए। पहले दिन भगवानपुर के काली नदी और मंडावर चेक पोस्ट पर पंजाब, हरियाणा के 306 शिवभक्तों को टैंकर से निकालकर बोतलों में 500 एमएल गंगाजल दिया गया। प्रशासन की इस मुहिम से बाहरी राज्यों के श्रद्धालु खुश हैं। हालांकि, उन्हें हरिद्वार से जल न भरकर ले जाने का दुख भी है। वहीं, नारसन बॉर्डर पर शाम तक कोई भी गंगाजल लेने नहीं पहुंचा।
2 of 6
बॉडर पर रखे गंगाजल से भरे टैंकर
- फोटो : अमर उजाला
सहायक नोडल अधिकारी अनिल कुमार सिंघल ने बताया कि टैंकर बॉर्डर पर खड़ा कर दिया है। अगर कोई आता है तो उसे गंगाजल दिया जाएगा। उधर, खानपुर क्षेत्र के बालावाली-मंडावर और खानपुर-पुरकाजी बॉर्डर पर एक-एक टैंकर खड़े किए गए हैं। खानपुर एसओ ने बताया कि बाहरी राज्यों से गंगाजल लेने आने वालों को टैंकर से ही गंगाजल दिया जाएगा।
3 of 6
बॉडर पर रखे गंगाजल से भरे टैंकर
- फोटो : अमर उजाला
मैं हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहा था, लेकिन मुझे बॉर्डर पर ही रोककर हरिद्वार जाने का कारण पूछा तो मैंने बता दिया। इसके बाद बॉर्डर पर ही 500 एमएल गंगाजल बोतल में पुलिस की ओर से दिया गया। यह एक अच्छी मुहिम है।
-भूषण सिंघला, भटिंडा, पंजाब
4 of 6
बॉडर पर वाहनों की चेकिंग करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
हर साल सावन में हरिद्वार गंगाजल लेने आता हूं। कोरोना के चलते पिछले साल नहीं आ पाया था। इस बार उम्मीद थी कि गंगाजल लेकर आएंगे, लेकिन फिर रोक लग गई। हालांकि, बॉर्डर पर गंगाजल उपलब्ध कराना अच्छा कदम है।
-कृष्ण कुमार, भटिंडा, पंजाब
5 of 6
बॉडर पर वाहनों की चेकिंग करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कांवड़ यात्रा स्थगित होने से मैं निराश हो गया था, लेकिन मीडिया के माध्यम से पता चला कि उत्तराखंड सरकार ने इस बार गंगाजल की व्यवस्था बॉर्डर पर की है। इसलिए शुक्रवार को मंडावर चेक पोस्ट से गंगाजल लेने आया हूं।
-विशाल कुमार, यमुनानगर, हरियाणा