चुनावी माहौल में पथरी क्षेत्र के फूलगढ़ और शिवगढ़ के गांवों का माहौल एकदम उल्ट हो गया है। तीन दिन पहले तक जहां हर गली कूचे में चुनावी चर्चाएं थी, अब वहां मातम पसरा हुआ है। गलियों में मरघट जैसा सन्नाटा है। रविवार को गांवों की सड़कों पर केवल पुलिस अधिकारियों और सिपाहियों की पदचाप सुनाई दी।
जहरीली शराब पीने से क्षेत्र के गांवों में तीन दिन में आठ लोगों की मौत हो चुकी है और कुछ बीमार हैं। गंगा के पंचवैली में तीन दिन से चिताएं जल रही है। बृहस्पतिवार को जहरीली शराब पीने के बाद शुक्रवार को दो ग्रामीणों की मौत हो गई थी। इन दोनों लोगों का ग्रामीणों ने चुपचाप अंतिम संस्कार कर दिया था।
कोल्ड ड्रिंक की बोतलों में बंटी मौत: ग्रामीणों को मरता देख डरे आरोपी, पुलिस के डर से बाथरूम में बहा दी थी शराब
शनिवार को भी दो लोगों का अंतिम संस्कार किया गया। रविवार को तीन लोगों की एक साथ अंत्येष्टि की गई। रविवार को अवकाश होने के बाद भी गांव में कोई चहल पहल नहीं थी। गांव के अधिकांश बड़े लोग अंतिम यात्रा में शामिल होने गए थे। घरों में महिलाएं और बच्चे थे। यह सभी लोग घरों में कैद हैं। गांवों की सड़कों पर यदि कोई नजर आ रहा है तो वह हैं पुलिस के अधिकारी और जवान। सायरन बजाती पुलिस की गाड़ियां ही गांवों का सन्नाटा तोड़ रही हैं।
2 of 5
हरिद्वार में जहरीली शराब से मौत के बाद पसरा मातम
- फोटो : अमर उजाला
वहीं, शिवगढ़ और फूलगढ़ में लगातार दूसरे दिन भी ग्रामीणों के चूल्हे नहीं जले। जहरीली शराब कांड से शिवगढ़ पंचायत के फूलगढ़ और शिवगढ़ गांव में आठ लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को बिरम सिंह, अमरपाल, अरुण और रूप सिंह की अंत्येष्टि की गई। रूप सिंह की रविवार को मौत हुई और वह शिवगढ़ निवासी था। जबकि बाकी तीनों फूलगढ़ के रहने वाले थे। तीन लोगों की सुबह करीब नौ बजे अंतिम यात्रा शुरू हुई। तीन लोगों का अंतिम संस्कार हुआ था कि रूप सिंह की मौत की खबर भी आ गई। दोपहर बाद रूप सिंह का भी अंतिम संस्कार किया गया।
3 of 5
शवयात्रा में जाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
उधर, शिवगढ़ ग्राम पंचायत में जहरीली शराब पीने से कई ग्रामीणों के बीमार होने की आशंका है। लेकिन ग्रामीण पुलिस की डर से सामने आने से कतरा रहे हैं। रविवार को शिवगढ़ और फूलगढ़ गांवों में डॉक्टरों की टीम पहुंची। पुलिस-प्रशासन ने गांवों में मुनादी कराई और बेझिझक बीमार ग्रामीणों के उपचार करवाने के लिए आगे आने की अपील की। लेकिन कोई भी बीमार ग्रामीण इलाज करवाने सामने नहीं आया।
4 of 5
हरिद्वार में जहरीली शराब से मौत के बाद पसरा मातम
- फोटो : अमर उजाला
पथरी क्षेत्र के शिवगढ़ और फूलगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों की बांटी जहरीली शराब पीने से अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है। बताया जाता है कि कई ग्रामीण बीमार हैं। बीमार ग्रामीण घरों से बाहर नहीं आ रहे हैं। जबकि तीन लोगों को पुलिस और एलआईयू ने मिलकर जबरन अस्पताल में भर्ती कराया है। बीमार ग्रामीणों को डर सता रहा है कि सामने आए तो पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
5 of 5
हरिद्वार में जहरीली शराब से मौत के बाद पसरा मातम
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को मेडिकल टीम शिवगढ़ और फूलगढ़ गांव पहुंची। सीएमओ डा. खगेंद्र कुमार के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने दोनों गांवों में कैंप लगाया, लेकिन कोई भी बीमार ग्रामीण सामने नहीं आया। इसके बाद एसडीएम पूरण सिंह राणा ने बीमार ग्रामीणों के इलाज करवाने सामने आने की मुनादी कराई। एएसपी रेखा यादव ने भी ग्रामीणों से मिलकर बीमार ग्रामीणों के इलाज करवाने की अपील की। लेकिन एक भी ग्रामीण कैंप में नहीं पहुंचा।