शनिवार को गांधी जयंती और रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण हरिद्वार में यात्रियों का रेला उमड़ आया। वाहनों के भारी दबाव के चलते दिल्ली-हरिद्वार हाईवे घंटों जाम रहा। अमूमन यही हाल ऋषिकेश का भी रहा।पुलिस को जाम खुलने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। चंडी पुल पर भी दोनों तरफ वाहन रेंगते दिखे। भीड़ के चलते सभी चौक-चौराहों पर बड़ी संख्या में यातायात पुलिसकर्मियों के अलावा सीपीयू कर्मी भी तैनात किए गए थे।वीकेंड पर शनिवार और रविवार का अवकाश होने के चलते सुबह से ही दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया था। जैसे-जैसे दिन निकलता गया हाईवे पर वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम लगने लगा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान के दो पहिया वाहनों के साथ कार और बसें भी बड़ी संख्या में हाईवे पर नजर आईं। वाहनों का दबाव बढ़ते ही यातायात पुलिस लाइन से अतिरिक्त सिपाही बुलाकर हर चौराहे पर तैनात किया गया। साथ ही इंटरसेप्टर और सिटी पेट्रोल यूनिट (सीपीयू) की कार लगातार हाईवे पर गश्त करती नजर आई।
वीकेंड पर हरिद्वार जाम: तीर्थनगरी में उमड़ा यात्रियों का रेला, घंटों हाईवे पर फंसे रहे लोग, तस्वीरों में देखें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जाम और पार्किंग फुल होने के कारण कई चालकों ने तो हाईवे पर ही वाहनों को लगाना शुरू कर दिया। इसके बाद क्रेन बुलाकर इन वाहनों को हटाया गया। यातायात पुलिस के निरीक्षक अखिलेश कुमार के मुुताबिक, 70 फीसदी वाहनों में सवार लोग हरिद्वार में गंगा स्नान करने आए थे। इसके चलते हाईवे पर अधिक जाम लगा।
शनिवार को ऋषिकेश जाने वाले वाहनों की संख्या भी काफी अधिक रही। अधिकतर लोगों ने जाम से बचने के लिए चीला रोड का भी सहारा लिया। इसके चलते दोपहर 11 बजे इस मार्ग पर भी यातायात का दबाव बढ़ गया और कई बार जाम की स्थिति पैदा हो गई। हरकी पैड़ी क्षेत्र के सामने स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग सुबह दस बजे ही भर गई। इस पार्किंग की क्षमता 800 वाहनों की है, लेकिन यहां 1000 से अधिक वाहन खड़े रहे। इसके बाद पंतदीप पार्किंग में वाहनों को पार्क कराया गया।
पंतदीप पार्किंग भी दोपहर दो बजे भर गई। यहां 1200 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता है, मगर 1500 वाहन खड़े किए गए। इसके बाद चमगादड़ टापू पार्किंग खोली गई। इसकी क्षमता करीब 1500 वाहन पार्क करने की है, शाम तक यहां वाहनों का आना जारी था। इसके अलावा होटल, धर्मशाला, लॉज और होमस्टे आदि में दो हजार से अधिक वाहन पहुंचे। एक अनुमान के मुताबिक, शनिवार शाम तक पांच हजार से अधिक वाहन शहर में आ चुके थे।
शिव मूर्ति से आगे बाहरी राज्यों से आने वाली कारों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई थी। इसके चलते शहर की गलियों में भी वाहन चालक घूमते नजर आए। ऑटो और ई-रिक्शा के चलते गलियों में दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यातायात पुलिसकर्मियों और सीपीयू कर्मियों की 12 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही सिविल पुलिस भी लगी हुई है। दोपहर दो बजे दीनदयाल और पंतदीप पार्किंग फुल होने के बाद वाहनों को चमगादड़ टापू पार्किंग में भेजा गया।
-अखिलेश कुमार, यातायात निरीक्षक, हरिद्वार