समूह ‘ग’ श्रेणी के पदों की सीधी भर्ती के पैटर्न में कुछ बदलाव किया गया है। आगे जानिए...
यह बदलाव अभ्यर्थियों के लिए आनलाइन आवेदन पत्र भरने का पैटर्न किया जाएगा। इसके लिए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए) को आवेदन पत्र का नया प्रारूप तैयार करने का काम सौंपा गया है। इससे हजारों अभ्यर्थियों को रिक्त पदों के लिए आनलाइन आवेदन पत्र भरने में आसानी होगी। प्रत्येक अभ्यर्थी को यूजर आईडी मिलेगी, जिससे अभ्यर्थी को बार-बार आवेदन करने पर मांगी गई जानकारी नहीं भरनी पड़ेगी।
नए पैटर्न में रिक्त पदों के लिए आवेदन करने पर प्रत्येक अभ्यर्थी की यूजर आईडी तैयार की जाएगी। इससे आयोग के माध्यम से होने वाली भर्ती प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों को आवेदन करने पर बार-बार फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक योग्यता व अन्य जानकारी नहीं भरनी पड़ेगी। अभ्यर्थी की पूरी डिटेल यूजर आईडी पर उपलब्ध होगी। इससे आसानी से आवेदन पत्र को भरने की सुविधा मिलेगी।
प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में इंटरनेट की सुविधा न होने के कारण अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र भरने के लिए शहरी क्षेत्रों में आना पड़ता है। अब चयन आयोग कॉमन सर्विस सेंटर पर भी ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की सुविधा प्रदान करेगा। साथ ही आवेदन पत्र भरने के लिए न्यूनतम यूजर चार्ज भी निर्धारित किया जाएगा। साइबर कैफों में अभ्यर्थियों से आवेदन भरने के लिए 150 से 200 रुपये चार्ज किया जा रहा है।
विभिन्न विभागों में समूह ‘ग’ श्रेणी के रिक्त पदों की भर्ती के लिए हजारों अभ्यर्थी आवेदन करते हैं। वर्तमान में भी चयन आयोग की ओर से ऑनलाइन आवेदन पत्र मांगे जा रहे हैं। आगामी दिनों में चयन आयोग वन रक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। जिसमें एक ही दिन में 20 हजार आवेदन पत्र पहुंचने का अनुमान है।