कनखल में शुक्रवार की शाम अपने आप को हिंदूवादी कहने वाले कुछ लोगों ने जमकर बवाल मचाया। लाठी, डंडों, हाकी से लैस इन लोगों ने एक वर्ग विशेष के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की और उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी। चौक बाजार में रेहड़ियां भी पलटकर लाठी डंडों से हमला बोला।
मोटरसाइकिल सवार लोगों के दुस्साहस से अफरा तफरी मच गई। देखते ही देखते बाजार बंद हो गया। करीब आधा घंटा तक इस इलाके में उपद्रवियों ने जमकर तांडव मचाया। देर रात तक एसएसपी समेत आला अफसर कनखल में डेरा डाले रहे। इस बवाल को ऋषिकेश के रायवाला में हुई एक युवक की हत्या की प्रतिक्रिया से जोड़कर देखा जा रहा है।
शुक्रवार की शाम करीब पौने सात बजे बवाल की शुरुआत हुई। झंडा चौक पर पहुंचे मोटरसाइकिल सवार तीस से चालीस लोगों ने वहां खड़े फल और सब्जी की रेहड़ी लगाने वालों से उनका नाम पूछा। नाम बताते हुए उनपर लाठी, डंडों और हाकी से हमला कर दिया।
उनकी सब्जी और फलों की रेहड़ी को पलट दिया गया। अचानक हुई घटना से पूरे बाजार में अफरा तफरी मच गई। रेहड़ियां पलटकर मोटरसाइकिल सवार लोगों ने चौक बाजार, रविदास बस्ती, गीता मंदिर, पुरुषोत्तम विहार के ठीक सामने सैलून और दूध की डेयरी को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ कर दी और दुकानदारों को भी पीट पीट कर लहूलुहान कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर जब तक पुलिस हरकत में आई तब तक यह लोग भूमिगत हो गए।
हमले में एक रेहड़ी वाले, डेयरी स्वामी और सैलून के स्वामी को चोटें आई है। हमले की सूचना मिलते ही एसएसपी कृष्ण कुमार वीके, एसपी सिटी ममता वोहरा, एसपी क्राइम प्रकाश आर्य, सीओ सिटी प्रकाश देवली समेत आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। एसएसपी ने कनखल थाने में पहुंचकर पीडितों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसपी सिटी ने बताया कि कुछ लोगों के नाम प्रकाश में आए हैं, उनकी तलाश कर रहे है। उपद्रवी कनखल क्षेत्र के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।