उत्तराखंड में मौसम में फिर से ठंडक आ गई है। मौसम विभाग ने बारिश के साथ ही अंधड़ और ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की है।
राजधानी दून समेत आस-पास के क्षेत्रों में मंगलवार को झमाझम बारिश हुई। शाम को करीब एक घंटे तक बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। वहीं, मौसम विभाग ने आज भी हल्की बारिश का अनुमान जताया है। मंगलवार को राजधानी दून समेत आसपास के क्षेत्रों में दिनभर मौसम सामान्य बना रहा।
हालांकि शाम के वक्त एकाएक आसमान बादलों से घिर गया। काफी देर तक तेज हवाएं चलती रही। शाम करीब पांच बजे ज्यादातर इलाकों में बारिश शुरू हो गई, जो काफी देर तक चलती रही। इससे लोगों को गर्मी से राहत भी मिली। देर रात तक ज्यादातर इलाकों में हल्की बारिश जारी रही।
मौसम विभाग के अनुसार, आज भी राजधानी देहरादून समेत टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, दून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश के साथ ही तेज अंधड़ चलने और ओले गिरने का भी अनुमान जताया गया है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि ज्यादातर इलाकों में एक या दो दौर की बारिश हो सकती है।
चमोली जिले में मंगलवार को दोपहर बाद मौसम ने करवट बदल ली है। यहां दोपहर बाद जहां निचले इलाकों बारिश हुई वहीं बदीनाथ धाम सहित हेमकुंड सहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लालमाटी क्षेत्रों में आंशिक बर्फबारी हुई। मौसम में आये परिवर्तन से जिले में ठंड बढ गई है। गोपेश्वर में दोपहर दो बजे तेज हवाएं भी चली। जिसके बाद सांय पांच बजे से करीब आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। वहीं जोशीमठ में सांय 6 बजे बारिश होती रही।