इस साल चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद केदारनाथ स्थित ध्यान गुफा में साधना करने वाले देहरादून के यमन त्यागी पहले श्रद्धालु बन गए हैं। बीते रविवार को मंदिर परिसर में बाबा केदार के दर्शन के बाद वे ध्यान गुफा में बैठे थे। जहां उन्होंने 16 घंटे साधना की। बीते साल सबसे ज्यादा 17 घंटे यहां पीएम मोदी ने साधना की थी।
बता दें कि बीते वर्ष यात्राकाल में यहां 95 श्रद्धालुओं ने ध्यान किया था। इस यात्राकाल में साधना के लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम को पहली बुकिंग मिली। देहरादून के यमन त्यागी ने यहां एक रात्रि साधना की है। यमन बीते रविवार को देहरादून से केदारनाथ पहुंचे थे।
मंदिर परिसर में बाबा केदार के दर्शन के बाद वे शाम चार बजे ध्यान गुफा गए, और सुबह आठ बजे बाहर आए। इसी के साथ वे 2020 की केदारनाथ यात्रा के पहले ऐसे श्रद्धालु बने हैं, जिन्होंने ध्यान गुफा में योग साधना की है। जीएमवीएन के कर्मचारियों द्वारा उन्हें चाय व भोजन मौके पर ही मुहैया कराया गया।
जीएमवीएन प्रभारी प्रबंधक प्रदीप रावत ने बताया कि कपाटोद्घाटन के बाद से इस यात्राकाल में ध्यान गुफा की पहली बुकिंग मिली है, लेकिन बरसात व सुरक्षा कारणों से सोमवार से अग्रिम आदेशों तक गुफा का संचालन बंद कर दिया गया है। वर्ष 2018 में केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य करने वाली कार्यदायी संस्था निम द्वारा मंदाकिनी नदी के दूसरी तरफ पहाड़ी पर ध्यान गुफा का निर्माण किया गया था।
बीते वर्ष यात्राकाल में इस गुफा को व्यवसायिक रूप से संचालन के लिए शासन द्वारा जीएमवीएन को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पूरे यात्राकाल में यहां योग, साधना के लिए नियमित बुकिंग मिलती रहीं। लेकिन इस बार कोरोना के कारण यात्रा अन्य राज्यों के तीर्थयात्रियों के लिए संचालित न होने के कारण बुकिंग पर खासा असर पड़ा है।