शादी में जा रही कार अचानक बीच सड़क पर आग का गोला बन गई। तस्वीरें देखकर सहम जाएंगे।
दून-पांवटा हाईवे पर झाझरा के पास एक चलती कार में शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। कुछ ही देर में कार धू-धू कर जल गई। हालांकि, आग लगने से पहले कार सवार एक ही परिवार के चार सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक कार पूरी जल चुकी थी।
आग की लपटों की वजह से काफी देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। शुक्रवार को शहर के दांडी मुहल्ला निवासी केशव कुमार अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कार से शादी समारोह में भाग लेने के लिए विकासनगर जा रहे थे। करीब तीन बजे जैसे ही कार झाझरा के पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तो पिछले हिस्से में शार्ट सर्किट से आग लग गई।
देखते ही देखते कार से आग की लपटे निकलने लगी। केशव कुमार ने सही समय पर कार को रोककर परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सड़क पर कार से लपटे निकलती देखकर मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ देर में ही कार आग का गोला बन गई।
सेलाकुई से फायर की टीम भी बुलाई गई, मगर तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। कार में आग के कारण विकासनगर मार्ग का यातायात थम गया था, जिससे काफी देर जाम की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने यातायात को सुचारु किया। झाझरा चौकी प्रभारी शिशुपाल राणा का कहना है कि शार्ट सर्किट से कार में आग लगने की आशंका है